प्रीपेड मोबाइल इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए रिचार्ज को लेकर एक अहम बदलाव सामने आया है। अब मोबाइल यूजर्स को रिचार्ज प्लान खरीदते समय 30 दिन की वैलिडिटी वाला प्लान चुनने का ऑप्शन मिल सकता है। ऐसे यूजर्स जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की ज्यादा जरूरत नहीं होती है और वे फोन का इस्तेमाल कॉलिंग के लिए ज्यादा करते हैं उनके पास अब कई तरह के प्लान्स का विकल्प होगा।
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इस बदलाव की जानकारी साझा की। उनके मुताबिक, सरकार ने टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (थर्टींथ अमेंडमेंट) रेगुलेशंस, 2026 लागू किए हैं। इसके तहत 30 दिन की वैलिडिटी वाले रिचार्ज और केवल वॉयस कॉल व एसएमएस की जरूरत वाले प्लान का विकल्प देने का प्रावधान है।
साल में 13 की जगह 12 रिचार्ज का विकल्प
अभी कई कंपनियों के कुछ प्लान 28 दिन की वैलिडिटी के साथ आते हैं। ऐसे में हर महीने रिचार्ज करने वाले यूजर को पूरे साल में 12 की जगह 13 बार रिचार्ज करना पड़ सकता है। 30 दिन की वैलिडिटी वाला विकल्प मिलने पर यूजर्स को इस परेशानी से राहत मिल सकती है। यानी एक साल में 12 महीने के हिसाब से 12 रिचार्ज का विकल्प मिल सकता है।
राघव चड्ढा के मुताबिक, लोगों ने उनसे लंबे समय से ऐसे रिचार्ज विकल्प उपलब्ध कराने की मांग की थी, जिनमें ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से सेवा चुन सकें। उन्होंने बताया कि 11 मार्च को उन्होंने यह मुद्दा राज्यसभा में भी उठाया था।
हर मोबाइल यूजर को रोजाना इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं होती। खासकर कई बुजुर्ग लोग मोबाइल का इस्तेमाल मुख्य रूप से परिवार और दोस्तों से बात करने के लिए करते हैं। ऐसे ग्राहकों के लिए डेटा वाले महंगे पैक की जगह केवल वॉयस कॉल और एसएमएस की सुविधा वाले प्लान ज्यादा काम के हो सकते हैं। इससे यूजर को उन्हीं सेवाओं के लिए भुगतान करने का विकल्प मिलेगा, जिनका वह वास्तव में इस्तेमाल करता है।
30 दिन की वैलिडिटी से क्या बदलेगा?
30 दिन की वैलिडिटी वाला रिचार्ज उपलब्ध होने से यूजर्स के लिए रिचार्ज की अवधि को समझना आसान हो सकता है। 28 दिन वाले प्लान में हर महीने की तारीख कुछ दिन पहले आती रहती है, जिससे पूरे साल में एक अतिरिक्त रिचार्ज की जरूरत पड़ सकती है।नए विकल्प में ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से 30 दिन की वैलिडिटी वाला प्लान चुन सकता है। वहीं, जिन लोगों को डेटा की जरूरत कम या बिल्कुल नहीं है, उनके लिए वॉयस और एसएमएस आधारित प्लान उपयोगी हो सकते हैं। कुल मिलाकर, इस बदलाव का उद्देश्य मोबाइल ग्राहकों को अपनी जरूरत के मुताबिक रिचार्ज चुनने के ज्यादा विकल्प देना है। खासकर कॉलिंग पर निर्भर रहने वाले यूजर्स के लिए यह बदलाव महत्वपूर्ण हो सकता है।
