टेक एंड गैजेट्स

TRAI Report: टेलीकॉम यूजर्स की संख्या बढ़कर हुई 134 करोड़, एयरटेल ने मई में जोड़े सबसे ज्यादा कनेक्शन

TRAI की मई, 2026 की मासिक ग्राहक रिपोर्ट के अनुसार, देश में कुल टेलीफोन ग्राहकों की संख्या अप्रैल, 2026 के अंत के 133.75 करोड़ से बढ़कर मई, 2026 के अंत में 134.31 करोड़ हो गई। इस प्रकार मासिक वृद्धि दर 0.42 प्रतिशत रही।

Image

देश में टेलीकॉम यूजर्स की संख्या तेजी से बढ़ रही है।

देश में मई में दूरसंचार ग्राहकों की कुल संख्या बढ़कर 134.31 करोड़ हो गई। इस वृद्धि में मुख्य योगदान भारती एयरटेल और रिलायंस जियो के नेटवर्क पर जुड़े नए ग्राहकों का रहा। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) के बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। एयरटेल ने अप्रैल की तुलना में मई में सर्वाधिक 29.80 लाख नए ग्राहक जोड़े। इनमें मोबाइल सेवा खंड में 29.26 लाख और फिक्स्ड लाइन खंड में 53,809 नए ग्राहक शामिल हैं।

इसके बाद रिलायंस जियो का स्थान रहा, जिसने कुल 22.55 लाख नए ग्राहक जोड़े। इनमें मोबाइल सेवा खंड में 21.54 लाख और फिक्स्ड लाइन खंड में 1.01 लाख ग्राहक शामिल हैं। दोनों निजी दूरसंचार कंपनियों ने मिलकर मई में कुल 52.36 लाख नए ग्राहक जोड़े, जो महीने के दौरान जुड़े कुल 55.60 लाख नए ग्राहकों का लगभग 94 प्रतिशत है।

वायरलेस कनेक्शन की बढ़ी संख्या

TRAI की मई, 2026 की मासिक ग्राहक रिपोर्ट के अनुसार, देश में कुल टेलीफोन ग्राहकों की संख्या अप्रैल, 2026 के अंत के 133.75 करोड़ से बढ़कर मई, 2026 के अंत में 134.31 करोड़ हो गई। इस प्रकार मासिक वृद्धि दर 0.42 प्रतिशत रही। मई में कुल वायरलेस कनेक्शन की संख्या बढ़कर 129.44 करोड़ हो गई, जो अप्रैल में 128.89 करोड़ थी। कुल वायरलेस कनेक्शन में 114.58 करोड़ उपभोक्ता सिम, 13.11 करोड़ मशीन-टू-मशीन (एम2एम) सिम और 1.17 करोड़ फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (एफडब्ल्यूए) कनेक्शन शामिल हैं।

ब्रॉडबैंड कनेक्शन में जियो ने मारी बाजी

मई, 2026 के लिए 1,544 सेवा प्रदाताओं द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, देश में ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या अप्रैल के 107.34 करोड़ से बढ़कर 108 करोड़ हो गई। ब्रॉडबैंड खंड में रिलायंस जियो 52.96 करोड़ ग्राहकों के साथ शीर्ष पर रही। इसके बाद भारती एयरटेल के 37.60 करोड़, वोडाफोन आइडिया (वीआई) के 12.90 करोड़, बीएसएनएल के 2.70 करोड़ और एट्रिया कन्वर्जेंस के 24 लाख ब्रॉडबैंड ग्राहक रहे।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article