Xiaomi ने भारत में अपनी Redmi Note 17 Pro Series लॉन्च कर दी है। कंपनी ने मंगलवार को Redmi Note 17 Pro और Redmi Note 17 Pro Max को भारतीय बाजार में उतारा। ये दोनों फोन हाल ही में लॉन्च किए गए Redmi Note 17 के बाद Note 17 सीरीज का हिस्सा बने हैं। नई सीरीज में सबसे ज्यादा ध्यान Redmi Note 17 Pro Max की 10,000mAh बैटरी पर है। वहीं Redmi Note 17 Pro में 9,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। दोनों स्मार्टफोन में डुअल रियर कैमरा सेटअप मिलता है। Pro Max में Snapdragon 6 Gen 5 चिपसेट और Pro मॉडल में Snapdragon 6s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है।
Redmi Note 17 Pro और Pro Max की कीमत
Redmi Note 17 Pro की भारत में शुरुआती कीमत 36,999 रुपये रखी गई है। यह कीमत 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले बेस मॉडल की है। इसके 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 39,999 रुपये है। वहीं Redmi Note 17 Pro Max की कीमत 49,999 रुपये से शुरू होती है। यह 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वाला मॉडल है। इसके टॉप 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 55,999 रुपये है। कंपनी SBI, Axis Bank और IDFC First Bank कार्ड से भुगतान करने पर 5,000 रुपये तक का इंस्टेंट डिस्काउंट दे रही है। इसके अलावा HDB Financial Services के जरिए 5,000 रुपये तक का कैशबैक भी मिल सकता है।
कब और कहां से खरीद पाएंगे?
Redmi Note 17 Pro की बिक्री भारत में 17 सितंबर से शुरू होगी, जबकि Redmi Note 17 Pro Max को ग्राहक 23 सितंबर से खरीद सकेंगे। दोनों फोन Amazon के जरिए बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। Redmi Note 17 Pro Max को Matcha Green, Secret Sunrise और Stealth Black कलर में पेश किया गया है। वहीं Redmi Note 17 Pro Cloud Blue, Purple Vibe और Stealth Black कलर ऑप्शन में मिलेगा।

Xiaomi Note 17 Pro
Redmi Note 17 Pro Max में 6.83 इंच AMOLED डिस्प्ले
Redmi Note 17 Pro Max में 6.83 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। इसका रेजोल्यूशन 1,280 x 2,772 पिक्सल है और स्क्रीन 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है। फोन में 12-bit कलर डेप्थ और 3,500 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलती है।
डिस्प्ले में HDR10+, Dolby Vision और 100 फीसदी DCI-P3 कलर गैमट का सपोर्ट है। कंपनी ने इसमें 3,200Hz तक का इंस्टेंट टच सैंपलिंग रेट और Wet Touch 2.0 फीचर भी दिया है। यानी स्क्रीन पर नमी या पानी होने की स्थिति में भी टच रिस्पॉन्स बेहतर रखने का दावा किया गया है।
Snapdragon 6 Gen 5 प्रोसेसर और 12GB RAM
परफॉर्मेंस के लिए Redmi Note 17 Pro Max में Qualcomm का 4nm ऑक्टा-कोर Snapdragon 6 Gen 5 चिपसेट दिया गया है। इसकी अधिकतम क्लॉक स्पीड 2.6GHz तक है। फोन में 12GB तक LPDDR5x RAM और 256GB तक UFS 4.1 स्टोरेज मिलता है। फोन Android 16 पर आधारित HyperOS 3 के साथ आता है। कंपनी ने चार साल तक OS अपडेट और छह साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है। डस्ट और वाटर रेजिस्टेंस के लिए फोन को IP66 + IP68 + IP69K रेटिंग मिली है।
50MP कैमरा और 4K वीडियो रिकॉर्डिंग
फोटोग्राफी के लिए Redmi Note 17 Pro Max में डुअल रियर कैमरा सेटअप है। इसमें 50MP का प्राइमरी कैमरा f/1.5 अपर्चर और OIS के साथ दिया गया है। इसके साथ 8MP का अल्ट्रावाइड कैमरा मिलता है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 32MP का फ्रंट कैमरा है। यह स्मार्टफोन 4K रिजॉल्यूशन में 30fps तक वीडियो रिकॉर्ड कर सकता है।
10,000mAh बैटरी, 100W चार्जिंग का सपोर्ट
Redmi Note 17 Pro Max की सबसे बड़ी खासियत इसकी 10,000mAh बैटरी है। कंपनी ने इसमें 100W वायर्ड फास्ट चार्जिंग दी है। इसके अलावा फोन 27W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग को भी सपोर्ट करता है।
कनेक्टिविटी के लिए फोन में 5G, 4G LTE, डुअल-बैंड Wi-Fi, Bluetooth 6.0 और USB Type-C पोर्ट मिलता है। इसमें इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर, IR ब्लास्टर, एक्सेलेरोमीटर, ई-कंपास, एंबिएंट लाइट और प्रॉक्सिमिटी सेंसर जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं। फोन का वजन करीब 229 ग्राम है और इसका डायमेंशन 163.44 x 78.27 x 8.57mm है।
Redmi Note 17 Pro में 9,000mAh बैटरी
Redmi Note 17 Pro में भी Pro Max जैसा 6.83 इंच 1.5K AMOLED डिस्प्ले, Android 16 आधारित HyperOS 3 और IP66 + IP68 + IP69K रेटिंग मिलती है। हालांकि परफॉर्मेंस के लिए इसमें Snapdragon 6s Gen 4 चिपसेट दिया गया है, जिसकी अधिकतम क्लॉक स्पीड 2.4GHz है।
कैमरा सेटअप भी Pro Max जैसा ही है, लेकिन सेल्फी के लिए इसमें 16MP का फ्रंट कैमरा मिलता है। यह 1080p/30fps तक वीडियो रिकॉर्डिंग कर सकता है। बैटरी की बात करें तो Redmi Note 17 Pro में 9,000mAh की बैटरी दी गई है। यह 67W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 22.5W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट करती है।
