टेक एंड गैजेट्स

सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाते हैं पीएम मोदी, ट्रंप से लेकर नेतन्याहू तक सब पीछे

PM Modi सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले दुनिया के तमाम नेताओं में पहले पायदान पर हैं, हालांकि एक्स पर पीएम मोदी के फॉलोअर्स ट्रंप के मुकाबले कम हैं, लेकिन ओवरऑल मोदी टॉप पर हैं।

Image

सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाते हैं पीएम मोदी, ट्रंप से लेकर नेतन्याहू तक सब पीछे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोशल मीडिया पर दुनिया के सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले नेताओं हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर उनके फॉलोअर्स की संख्या 10 करोड़ से ज्यादा हो गई है। इसके साथ ही पीएम मोदी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी मजबूत मौजूदगी बनाए रखने वाले वैश्विक नेताओं की लिस्ट में पहले पायदान पर पहुंच गए हैं।

X पर पीएम मोदी के 10.69 करोड़ फॉलोअर्स

पीएम मोदी के X अकाउंट पर करीब 10.69 करोड़ फॉलोअर्स हैं। सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता और सीधे जनता से संवाद करने की रणनीति ने उन्हें बड़े डिजिटल प्रभाव वाले नेताओं में शामिल किया है। पीएम मोदी अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों से जुड़ी जानकारी साझा करते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बात करें तो एक्स पर ट्रंप को 11.1 करोड़ फॉलोअर्स हैं, वहीं इंस्टाग्राम पर ट्रंप को 4.3 करोड़ लोग फॉलो करते हैं। एक्स पर ट्रंप मोदी से आगे हैं लेकिन इंस्टाग्राम पर पीएम मोदी ट्रंप से काफी आगे हैं।

इंस्टाग्राम पर भी बड़ी लोकप्रियता

इंस्टाग्राम पर भी पीएम मोदी की बड़ी फैन फॉलोइंग है। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 10.10 करोड़ फॉलोअर्स हैं। इंस्टाग्राम पर पीएम मोदी अपनी यात्राओं, कार्यक्रमों, तस्वीरों और वीडियो के जरिए लोगों से जुड़ते हैं। दुनिया के अन्य नेताओं की बात करें तो एक्स पर बेंजामिन नेतन्याहू को 40 लाख लोग फॉलो करते हैं, वहीं इंस्टाग्राम पर इनके फॉलोअर्स महज 36 लाख फॉलोअर्स हैं। इंस्टाग्राम पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के फॉलोअर्स 69 लाख हैं।

फेसबुक और यूट्यूब पर भी मजबूत पकड़

फेसबुक पर प्रधानमंत्री मोदी के करीब 5.8 करोड़ फॉलोअर्स हैं, जबकि यूट्यूब पर उनके करीब 3.07 करोड़ सब्सक्राइबर हैं। यूट्यूब के माध्यम से पीएम मोदी के भाषण, कार्यक्रम और विभिन्न अभियानों से जुड़ी वीडियो सामग्री लाखों लोगों तक पहुंचती है।

सोशल मीडिया बना संवाद का बड़ा माध्यम

पिछले कुछ वर्षों में सोशल मीडिया नेताओं और जनता के बीच संवाद का एक बड़ा माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री मोदी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल जनता तक अपनी बात पहुंचाने और विभिन्न पहलों की जानकारी देने के लिए करते हैं। दुनिया के कई बड़े नेता सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं, लेकिन फॉलोअर्स की संख्या के मामले में पीएम मोदी सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article