OpenAI की हालिया पेंटागन (Pentagon) डील के बाद कंपनी को यूजर्स के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ChatGPT Plus के कई सब्सक्राइबर अपनी मेंबरशिप रद्द कर रहे हैं और बड़ी संख्या में यूजर्स Claude AI की ओर रुख कर रहे हैं।
कई यूजर्स ने लिंकडिन और Reddit जैसे प्लेटफॉर्म्स पर दावा किया है कि जब वे ChatGPT Plus कैंसिल करने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें एक महीने का फ्री सब्सक्रिप्शन ऑफर किया जा रहा है। माना जा रहा है कि यह कदम प्लेटफॉर्म छोड़ रहे ग्राहकों को रोकने की रणनीति का हिस्सा है।
Pentagon डील क्या है?
जानकारी के मुताबिक, Anthropic ने शुरुआत में अमेरिकी रक्षा विभाग (Department of Defense) के साथ 200 मिलियन डॉलर की डील पर बातचीत की थी। इस समझौते के तहत कंपनी को अपने AI मॉडल Claude को रक्षा उद्देश्यों के लिए उपलब्ध कराना था।
हालांकि मामला तब बिगड़ गया जब सरकार की ओर से Claude का ऐसा वर्जन मांगा गया, जिसमें सुरक्षा गार्डरेल्स न हों। Anthropic के सीईओ ने इस मांग को अस्वीकार करते हुए साफ कहा कि कंपनी किसी भी डील के लिए अपने नैतिक सिद्धांतों से समझौता नहीं करेगी।
इसके बाद सैम ऑल्टमैन ने मामले में एंट्री की और OpenAI ने अमेरिकी रक्षा विभाग के साथ साझेदारी कर ली। शुरुआत में इस डील में ChatGPT के गार्डरेल्स को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, जिससे विवाद और बढ़ गया।
यूएस में बढ़ी अनइंस्टॉलेशन दर
रिपोर्ट के अनुसार, पेंटागन डील के बाद अमेरिका में ChatGPT ऐप की अनइंस्टॉलेशन दर में 295 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी गई है। इससे साफ है कि इस साझेदारी ने यूजर सेंटिमेंट पर असर डाला है। बढ़ते विरोध के बीच सैम ऑल्टमैन ने X पर पोस्ट कर स्पष्ट किया कि OpenAI अपने मॉडल को स्वायत्त हथियार (Autonomous Weapons) बनाने या बड़े पैमाने पर घरेलू निगरानी (Mass Surveillance) के लिए इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं देगा।
बढ़ती प्रतिस्पर्धा और चुनौतियां
इस साल OpenAI की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। एक तरफ यूजर्स का भरोसा प्रभावित हुआ है, तो दूसरी ओर Gemini और Claude जैसे प्रतिस्पर्धी प्लेटफॉर्म कड़ी टक्कर दे रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि Sam Altman इस स्थिति से कंपनी को कैसे बाहर निकालते हैं और यूजर्स का भरोसा दोबारा जीतने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।
