अगर आप इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए काम की खबर है। बहुत जल्द आपको Wi-Fi 8 की सर्विस मिल सकती है। इसको लेकर लगातार खबरें सामने आ रही हैं। Wi-Fi 8 एक वायरलेस टेक्नोलॉजी है जो 2028 तक लॉन्च हो सकती है। इस टेक्नोलॉजी को हाई स्पीड नेटवर्क परफॉर्मेंस और बेहतर कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया जा रहा है। प्रोसेसर डिजाइन करने वाली दिग्गज कंपनी Qualcomm इस पर काम कर रही है।
Wi-Fi 8 से स्मार्ट डिवाइसेस को बेहतरीन कनेक्टिविटी मिलेगी। इस टेक्नोलॉजी का प्रमुख उद्देश्य यूजर्स को “Ultra High Reliability” उपलब्ध कराना है। इस टेक्नोलॉजी में एक एक्सेस पॉइंट से दूसरे एक्सेस पॉइंट में बिना किसी डिस्टर्बेंस के कनेक्शन ट्रांसफर होगा। इसके साथ ही यह बेहद कम लेटेंसी पर काम करेगा। इसका एक बड़ा फायदा यह होगा कि हैवी डेटा पर काम करने वाले काम जैसे वीडियो कॉल, गेमिंग या फिर लाइव स्ट्रीमिंग शानदार तरीके से होने वाली है।
मिलेगी हाई स्पीड कनेक्टिविटी
एक इंटरनेट कनेक्शन से 2-4 डिवाइस कनेक्ट होने के बाद इंटरनेट स्पीड डेटा काफी कम हो जाती है। लेकिन Wi-Fi 8 में आपको यह समस्या नहीं देखनी पड़ेगी। कई सारे डिवाइस एक साथ कनेक्ट होने पर भी Wi-Fi 8 में आपको हाई स्पीड कनेक्टिविटी मिलने वाली है। इसके अलावा आपको पियर-टू-पियर कनेक्शन में भी नया एक्सीपिरियंस मिलने वाला है। इसमें कोऑर्डिनेटेड स्पैटियल रीयूज़ (Co-SR) और कोऑर्डिनेटेड बीमफॉर्मिंग (Co-BF) जैसी तकनीक का इस्तेमाल होगा जिससे दो डिवाइसेस के बीच में बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
कनेक्ट हो सकेंगे एक साथ कई डिवाइस
आपको बता दें कि Wi-Fi 7 काफी फास्ट और एक्यूरेट है। इसमें ‘Extremely High Throughput’ टेक्नोलॉजी मिलती है जिसकी वजह से ट्रांसमिशन काफी तेज होता है। लेकिन Wi-Fi 8 इससे भी काफी अलग होने वाला है। यह न सिर्फ स्पीड को बढ़ाने वाला है बल्कि नेटवर्क कनेक्टिविटी रिलायबिलिटी को भी बढ़ाएगा। Wi-Fi 8 की टेक्नोलॉजी ऐसी जगहों के लिए काफी कारगर होने वाला है जहां पर कई सारे डिवाइस एक एक नेटवर्क से कनेक्ट रहते हैं। भविष्य में आने वाले एआर ग्लासेस और स्मार्ट ड्रोन जैसे कई डिवाइस को इस नई तकनीक से लैस किया जा सकता है।
