अपनी पृथ्वी की ओर एक ट्रक के बराबर के आकार का एस्टेरॉयड (Asteroid) आ रहा है, जिसका नाम - Asteroid 2023 BU है। यह शुक्रवार (27 जनवरी, 2023) को धरती के बेहद नजदीक से होकर गुजरेगा और यह अब तक के इतिहास में सबसे करीब से होकर गुजरने वाला क्षुद्रग्रह होगा।
सिविल स्पेस प्रोग्राम, एयरोनॉटिक्स रिसर्च और स्पेस रिसर्च की दिशा में काम करने वाली अमेरिका की सरकारी एजेंसी नासा (National Aeronautics and Space Administration) की ओर से यह जानकारी देते हुए बताया गया कि यह एस्टेरॉयड भारतीय समयानुसार के हिसाब से सुबह पांच बजकर 57 मिनट के आसपास साउथ अमेरिका के दक्षिणी बिंदु के नजदीक से गुजरेगा। यह तब पृथ्वी की सतह से सिर्फ 3600 किमी के एल्टीट्यूड पर होगा। और सरल भाषा में समझें तो यह छोटा एस्टेरॉयड इस दौरान पृथ्वी से उतरा दूर होगा, जितना की दिल्ली और बीजिंग के बीच का फासला है।
21 जनवरी को क्रीमिया के नौचनाय में मार्गो ऑबजर्वेट्री में इस एस्टेरॉयड के बारे में शौकिया खगोलशास्त्री गेनेडी बोरिसोव ने पता लगाया था। वैसे, सबसे अच्छी बात यह है कि इससे अपनी धरती को किसी प्रकार का खतरा नहीं है। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह धरती से नहीं टकराएगा और अगर यह बेहद करीब आ भी गया तब इसका अधिकतर हिस्सा वायुमंडल में जल जाएगा और फिर इसके टुकड़े बिखर जाएंगे, जबकि कुछ टुकड़े उल्कापिंड के नाते गिर भी सकते हैं।
