टेक एंड गैजेट्स

मोबाइल फोन कपंनियों को आईटी सेक्रेटरी की सलाह, डिजाइन-निर्यात अवसरों का उठाएं फायदा

Mobile phone industry: आईटी सचिव एस कृष्णन ने कहा कि यह सवाल उठ रहा है कि ‘भविष्य का डिजाइन’ कैसा होगा, इसका उत्तर अन्य देशों के साथ-साथ भारत भी दे सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास जिस तरह की डिजाइन की ताकत है, और जिस तरह की क्षमताएं हैं, उसे देखते हुए डिजाइन की बात को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।

Image

Mobile manufacturing in india (image-istock)

Mobile phone industry: इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी (आईटी) सचिव एस कृष्णन ने बुधवार को उद्योग जगत से कहा कि उन्हें ‘भारत में डिजाइन और विकसित’ मोबाइल फोन का लक्ष्य लेकर चलना चाहिए। उन्होंने वैल्यू चैन में डिजाइन का पहलू नजरअंदाज नहीं करने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा कि घरेलू बाजार के समग्र आकार और हैंडसेट के औसत अपेक्षित जीवनकाल को बैकग्राउंड में देखा जाए तो मात्रा के मामले में देश में विनिर्मित मोबाइल फोन ‘स्थिर स्थिति’ में पहुंच गए हैं।

निर्यात बाजारों का करें उपयोग

कृष्णन ने ब्रॉडबैंड इंडिया फोरम (बीआईएफ) कार्यक्रम में यह भी कहा कि भारत को खुद को एक प्रतिस्पर्धी गंतव्य के रूप में स्थापित करना चाहिए जहां कंपनियां घरेलू बाजार के साथ-साथ निर्यात के लिए भी मैन्युफैक्चरिंग कर सकें। सचिव ने कहा कि यहां से उत्पादन क्षमताओं के महत्तम उपयोग के लिए कंपनियों को निर्यात बाजारों का भी उपयोग करने की जरूरत होगी।

मेड इन इंडिया मोबाइल फोन

उन्होंने कहा कि कंपनियों को ‘भारत में विकसित डिजाइन’ वाले मोबाइल फोन के बारे में सोचने की जरूरत है। डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं दोनों की ताकत के आधार पर आगे बढ़ने से देश में अधिक मूल्य सृजन होगा।

कृष्णन ने कहा कि यह सवाल उठ रहा है कि ‘भविष्य का डिजाइन’ कैसा होगा, इसका उत्तर अन्य देशों के साथ-साथ भारत भी दे सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास जिस तरह की डिजाइन की ताकत है, और जिस तरह की क्षमताएं हैं, उसे देखते हुए डिजाइन की बात को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। यह मोबाइल उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण लक्ष्य होना चाहिए।’’

मैन्युफैक्चरिंग में 52.5 अरब डॉलर का है आंकड़ा

कृष्णन ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र बढ़कर लगभग 115 अरब डॉलर हो गया है, जिसमें से मोबाइल फोन सबसे तेजी से बढ़ने वाला क्षेत्र है। उन्होंने कहा, ‘‘इस क्षेत्र का लगभग 45 प्रतिशत हिस्सा है। मोबाइल फोन का कुल मैन्युफैक्चरिंग वर्तमान में लगभग 4.2 लाख करोड़ रुपये यानी लगभग 52.5 अरब डॉलर का है.. इसके साथ यह इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।’’

इनपुटः भाषा

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article