शहर

यमुना के झाग हटाने के ठेके पर AAP के सवाल, टेंडर से पहले कंपनी ने लगाया सेटअप? सौरभ भारद्वाज ने प्रवेश वर्मा से मांगा जवाब

AAP नेता ने सवाल उठाया कि जब टेंडर की वित्तीय बोली ही नहीं खुली, तो कंपनी को पहले से कैसे पता था कि ठेका उसे मिलेगा? उन्होंने दावा किया कि दिल्ली जल बोर्ड के इंजीनियर के निर्देश पर कंपनी ने अपना सेटअप लगाया है।

Image

यमुना डिफोमिंग टेंडर पर AAP ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप (फोटो-@Saurabh_MLAgk)

दिल्ली : दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार पर आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दावा किया है कि यमुना के पानी से झाग हटाने के लिए डिफोमिंग का ठेका देने की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही आइकॉन इंस्ट्रूमेंट्स कंपनी ने कालिंदी कुंज घाट पर अपना सेटअप लगा दिया है। उन्होंने इस मामले में दिल्ली जल बोर्ड और मंत्री प्रवेश वर्मा से जवाब मांगा है।

सौरभ भारद्वाज के मुताबिक, कालिंदी कुंज घाट पर कंपनी के कंटेनर, पंप, मोटर और अन्य उपकरणों के साथ मजदूर भी पिछले दो-तीन दिनों से मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली जल बोर्ड ने अभी तक टेंडर की फाइनेंशियल बिड नहीं खोली है, इसके बावजूद कंपनी ने काम की तैयारी शुरू कर दी है।

AAP नेता ने सवाल उठाया कि जब टेंडर की वित्तीय बोली ही नहीं खुली, तो कंपनी को पहले से कैसे पता था कि ठेका उसे मिलेगा? उन्होंने दावा किया कि दिल्ली जल बोर्ड के इंजीनियर के निर्देश पर कंपनी ने अपना सेटअप लगाया है।

700 करोड़ रुपये के स्वास्थ्य घोटाले का आरोप

सौरभ भारद्वाज ने इस मामले की तुलना रेखा गुप्ता सरकार में कथित 700 करोड़ रुपये के स्वास्थ्य घोटाले से करते हुए आरोप लगाया कि दोनों मामलों में टेंडर प्रक्रिया से पहले ही काम दिए जाने की स्थिति सामने आई। उन्होंने कहा कि पहले PWD में सड़क निर्माण को लेकर सवाल उठाए गए थे और अब दिल्ली जल बोर्ड में भी "अनियमितताओं" का मामला सामने आया है। दोनों विभाग मंत्री प्रवेश वर्मा के अधीन होने का हवाला देते हुए उन्होंने उनसे कार्रवाई और पूरे मामले पर स्पष्टीकरण देने की मांग की।

AAP प्रदेश अध्यक्ष ने प्रवेश वर्मा से पूछा कि क्या वह टेंडर खुलने से पहले काम शुरू होने के मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करेंगे या "भ्रष्टाचार" उजागर करने वालों का मोबाइल छीनने की कोशिश करेंगे। ये आरोप अभी सिर्फ आम आदमी पार्टी की ओर से लगाए गए हैं।

End of Article