टेक एंड गैजेट्स

iPhone Ultra की कीमत ₹1.7 लाख से भी ज्यादा! Apple ला सकता है नया अपग्रेड प्लान

Apple ने अभी तक iPhone Ultra या अपने पहले फोल्डेबल iPhone के लॉन्च, कीमत या फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल सामने आई सभी जानकारियां रिपोर्ट्स और लीक्स पर आधारित हैं।

Image

लॉन्च के बाद फोल्डेबल बाजार में बना सकता है बड़ी हिस्सेदारी

Apple के पहले फोल्डेबल iPhone को लेकर लंबे समय से चर्चाएं चल रही हैं और अब नई रिपोर्ट में इसकी संभावित कीमत और खरीदने के तरीके को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। माना जा रहा है कि कंपनी इस डिवाइस को iPhone Ultra नाम से पेश कर सकती है।

रिपोर्ट के अनुसार, यह Apple का अब तक का सबसे महंगा iPhone होगा, जिसकी शुरुआती कीमत 2,000 डॉलर (करीब 1.9 लाख रुपये) से भी अधिक हो सकती है, हालांकि इतनी ऊंची कीमत के बावजूद Apple इसे मासिक भुगतान योजना के जरिए ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचाने की तैयारी कर रहा है।

2,000 डॉलर से ज्यादा हो सकती है शुरुआती कीमत

ब्लूमबर्ग के पत्रकार मार्क गुरमन की रिपोर्ट के मुताबिक, iPhone Ultra की शुरुआती कीमत कम से कम 2,000 डॉलर रखी जा सकती है और यह इससे भी ज्यादा हो सकती है। तुलना करें तो Samsung के मौजूदा प्रीमियम फोल्डेबल स्मार्टफोन की कीमत करीब 1,900 डॉलर है, लेकिन Apple अपने फोल्डेबल iPhone को उससे भी अधिक प्रीमियम कैटेगरी में पेश करने की योजना बना सकता है।

Apple Upgrade प्रोग्राम से आसान होगी खरीदारी

रिपोर्ट के अनुसार, Apple अपने नए Apple Upgrade प्रोग्राम के जरिए iPhone Ultra को खरीदना आसान बना सकता है। इस लीजिंग प्रोग्राम के तहत ग्राहक लगभग 60 से 70 डॉलर (करीब 5,700 से 6,700 रुपये) प्रति माह की किस्त पर फोल्डेबल iPhone का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे एकमुश्त बड़ी रकम खर्च किए बिना प्रीमियम डिवाइस खरीदना आसान हो सकता है।

लॉन्च के बाद फोल्डेबल बाजार में बना सकता है बड़ी हिस्सेदारी

बाजार अनुसंधान कंपनी Smart Analytics Global की रिपोर्ट का दावा है कि iPhone Ultra लॉन्च होने के कुछ ही महीनों के भीतर वैश्विक फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में लगभग 25 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर सकता है। इससे Apple पहली बार फोल्डेबल सेगमेंट में उतरते ही प्रमुख खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर दे सकता है।

क्या है Apple Upgrade प्रोग्राम?

Apple Upgrade अमेरिका में शुरू किया गया कंपनी का नया लीजिंग प्रोग्राम है, जिसके तहत ग्राहक iPhone, iPad, Mac और Apple Watch जैसे चुनिंदा डिवाइस कम मासिक भुगतान पर ले सकते हैं। यह प्रोग्राम Klarna के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। तय अवधि पूरी होने पर ग्राहक डिवाइस को अपग्रेड कर सकते हैं, वापस कर सकते हैं या फिर शेष राशि देकर उसे पूरी तरह खरीद सकते हैं।

अन्य Apple डिवाइस भी हैं शामिल

फिलहाल अमेरिका में iPhone 17, iPhone 17e, iPhone 17 Pro और iPhone 17 Pro Max को Apple Upgrade प्रोग्राम के तहत 17.99 डॉलर प्रति माह से लिया जा सकता है। वहीं Apple Watch Series 11 और Apple Watch Ultra 3 की शुरुआती मासिक कीमत 11.99 डॉलर है। इसके अलावा कुछ iPad और Mac मॉडल भी 24 और 36 महीने की लीजिंग योजनाओं के साथ उपलब्ध हैं।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article