Instagram ने किशोरों की ऑनलाइन सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अपनी AI आधारित उम्र पहचानने वाली तकनीक का विस्तार दुनियाभर में करने का ऐलान किया है। इस तकनीक की मदद से कंपनी ऐसे यूजर्स की पहचान कर सकेगी, जो अकाउंट बनाते समय अपनी असली उम्र छिपाकर खुद को वयस्क बताते हैं यानी अगर कोई बच्चा Instagram पर अपनी उम्र 18 साल या उससे अधिक दर्ज करता है, तब भी AI उसकी गतिविधियों और अन्य संकेतों के आधार पर उसे किशोर यूजर के रूप में पहचान सकता है। इसके बाद ऐसे अकाउंट पर अपने आप Teen Account की सुरक्षा लागू की जा सकेगी।
गलत जन्मतिथि डालने पर भी AI करेगा पहचान
Meta ने अपने ब्लॉग पोस्ट में बताया कि Instagram पर AI आधारित Age Estimation Technology का मकसद यूजर्स की ओर से दी गई उम्र पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय उनकी वास्तविक उम्र का अनुमान लगाना है। कंपनी इस तकनीक के जरिए उन अकाउंट की पहचान करना चाहती है, जिनके यूजर किशोर हो सकते हैं, लेकिन उन्होंने रजिस्ट्रेशन के दौरान अपनी उम्र 18 साल से ज्यादा बताई है।
अगर Instagram को किसी अकाउंट के किशोर यूजर का होने का संदेह होता है, तो वह उस अकाउंट को अपने आप Teen Account में शामिल कर सकता है। इससे यूजर को कम उम्र के लोगों के लिए तय सुरक्षा और पाबंदियां मिलेंगी। इस तकनीक का विस्तार अब वैश्विक स्तर पर किया जा रहा है।
Teen Account में मिलती हैं ये सुरक्षा सुविधाएं
Instagram के Teen Account खासतौर पर 13 से 17 साल के यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। इनमें कई ऐसी सुविधाएं दी जाती हैं, जिनका मकसद बच्चों को सोशल मीडिया पर सुरक्षित अनुभव देना है। इसके तहत अनजान लोगों के मैसेज और संपर्क करने की क्षमता को सीमित किया जाता है।
इसके अलावा किशोरों को उनकी उम्र के हिसाब से कंटेंट दिखाने की व्यवस्था होती है। समय प्रबंधन के लिए भी डिफॉल्ट टूल दिए जाते हैं, ताकि बच्चे सोशल मीडिया पर जरूरत से ज्यादा समय न बिताएं। Meta का कहना है कि 13 साल से कम उम्र के बच्चों के अकाउंट की पहचान कर उन्हें ब्लॉक करने के लिए भी कंपनी तकनीक का इस्तेमाल करती है।
माता-पिता को वीडियो के जरिए समझाएगा Instagram
Meta अब माता-पिता को भी इस तकनीक के बारे में जागरूक करने की तैयारी कर रहा है। कंपनी के मुताबिक, अमेरिका में इसी महीने के आखिर में Instagram की फीड में एक वीडियो दिखाया जाएगा। इसमें बताया जाएगा कि प्लेटफॉर्म किस तरह किशोर यूजर्स की पहचान करता है और उनके अकाउंट पर सुरक्षा से जुड़े नियम कैसे लागू होते हैं।
इस वीडियो के साथ इंटरनेट सुरक्षा से जुड़े विशेषज्ञ लैरी मैगिड का एक लेख भी लिंक किया जाएगा। लैरी मैगिड ConnectSafely के प्रेसिडेंट और CEO हैं। इस लेख में बच्चों की उम्र की पुष्टि करने, किशोरों को उनकी उम्र के हिसाब से सुरक्षित अनुभव देने और अकाउंट बनाते समय माता-पिता की भूमिका जैसे मुद्दों को समझाया जाएगा।
Apple की तकनीक का भी ले रहा सहारा
Meta ने यह भी बताया कि उसने ऑस्ट्रेलिया में Apple के Age Range Signal का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। इस व्यवस्था के तहत माता-पिता अपने बच्चे का स्मार्टफोन सेटअप करते समय ऐप स्टोर को उसकी उम्र की श्रेणी की पुष्टि करने की अनुमति दे सकते हैं। इसके बाद जब बच्चा कोई ऐप डाउनलोड करता है, तो उसकी उम्र से जुड़ी जानकारी ऐप डेवलपर के साथ साझा की जा सकती है। Meta के मुताबिक, वह फिलहाल इस सुविधा का अपनी इच्छा से इस्तेमाल कर रहा है। हालांकि, ऐप स्टोर और ऐप डेवलपर्स दोनों के लिए यह व्यवस्था वैकल्पिक है।
कंपनी का मानना है कि अगर अलग-अलग ऐप को उम्र की पुष्टि करने वाला एक भरोसेमंद और सत्यापित सिग्नल मिल सके, तो बच्चों की सुरक्षा बेहतर हो सकती है। इससे हर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को अलग-अलग तरीके से यूजर की उम्र सत्यापित करने की जरूरत भी कम होगी। साथ ही यूजर्स की निजी जानकारी की सुरक्षा बनाए रखने में भी मदद मिल सकती है।
