टेक एंड गैजेट्स

भारत में लॉन्च हुई Acer Google TV, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से हैं लैस

Acer Google TV: एसर इंक. का कहना है कि हम भारत में एसर ब्रांडेड सुपर सीरीज, एम सीरीज और एल सीरीज टेलीविजन को लॉन्च कर काफी उत्साहित हैं। हमने टेलीविजन में एंड्रॉयड 14 पर बेस्ड पहला गूगल टीवी पेश किया है।

Image

Acer Google TV

Acer Google TV: इंडकल टेक्नोलॉजीज ने आधिकारिक रूप से एसर ब्रांड के तहत सुपर सीरीज टेलीविजन को भारत में लॉन्च कर दिया है। इसी के साथ भारतीय मार्केट में एंड्रॉयड 14 पर आधारित गूगल टीवी लॉन्च करने वाली यह पहली कंपनी बन गई है। सुपर सीरीज को 32,999 रुपये की शुरुआत कीमत पर पेश किया गया है। स्मार्ट टीवी की प्रमुख विशेषताओं में अल्ट्रा-क्यू एलईडी डिस्प्ले शामिल है जो टीवी पर आने वाले सीन को डॉल्बी विजन के साथ एकदम वास्तविक अंदाज में पेश करती है।

सुपर सीरीज TV की खासियत

सुपर सीरीज TV में एमईएमसी, सुपर ब्राइटनेस, डब्ल्यूसीजी+, एचडीआर 10+ और कई अन्य हाईटेक फीचर्स को शामिल किया गया है। सुपर सीरीज के टीवी में पिक्चर टेक्नोलॉजी के मामले में एएलएम और वीआरआर 120 हर्ट्ज के साथ-साथ एचडीएमआई डीएससी (डिस्प्ले स्ट्रीम कम्प्रेशन) शामिल किया गया है, जो इसे गेम के दीवानों के लिए एक आकर्षक विकल्प बनाता है।

इस टीवी सीरीज की सबसे प्रमुख विशेषता इसके उल्लेखनीय रूप से 80 वॉट के जबर्दस्त प्रो-ट्यून्ड स्पीकर हैं, जिसमें गीगा-बास है। इन्‍हें यूजर्स को एक बेहतरीन, अभूतपूर्व आवाज का शानदार अनुभव प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है।

एसर ब्रांडेड एम सीरीज और एल सीरीज

इंडकल ने अपने एक इवेंट में अपने नए एसर ब्रांडेड एम सीरीज और एल सीरीज के टेलीविजन को भी डिस्प्ले किया है। एम सीरीज के टीवी लक्जरी कैटेगरी में बड़े आकार के टेलीविजन हैं जिनमें मिनी एलईडी के साथ क्यूएलईडी डिस्प्ले है। यह 65 इंच और 75 इंच में उपलब्ध हैं। दोनों मॉडल्स में 1400 निट्स का पीक ब्राइटनेस लेवल है, इनमें 144 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट, 60 वॉट आउटपुट के 2.1 चैनल स्पीकर्स और शानदार आवाज के लिए पीछे की तरफ एक वूफर है। एम सीरीज की शुरुआती कीमत 89,999 रुपये है।

एसर एल सीरीज टेलीविजन

कंपनी की ओर से लॉन्च की गई नई एल सीरीज में पहली बार किसी गूगल टीवी के लिए एक अलग चौतरफा फ्रेमलेस डिजाइन पेश किया गया है। एल सीरीज के टीवी (एचडी डिस्प्ले के साथ ) 32 इंच से लेकर 4K-यूएचडी रेजोल्यूशन में 65 इंच के साइज तक मिलते हैं। एल सीरीज की शुरुआती कीमत 14,999 रुपये है।

दोनों एम और एल सीरीज एंड्रॉयड 14 पर आधारित गूगल टीवी से पावर्ड हैं। यह एआई-इनेबल्‍ड ड्यूल प्रोसेसर इंजन से संचालित हैं। इस शानदार परफॉर्मेंस के लिए जिम्मेदार मूल तत्व का विस्तार अब इंडकल के अन्य मौजूदा टेलीविजन में भी किया गया है। इसमें सबसे ज्यादा बिकने वाली आई सीरीज के टीवी भी शामिल हैं, जिन्हें अब अपग्रेड करके आई-प्रो सीरीज का नाम दिया गया है।

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article