2.5 crore IRCTC user IDs deactivated: अगर आप ट्रेन से सफर करते हैं और रिजर्वेशन कराने के लिए आपने IRCTC में अकाउंट बना रखा है तो आपके लिए काम की खबर है। भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग सिस्टम में दुरुपयोग को खत्म करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने IRCTC के 2.5 करोड़ से ज्यादा यूजर्स आईडी को डीएक्टिवेट कर दिया है।
करोड़ों IRCTC अकाउंट को बंद करने की जानकारी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद में दी। मानसून सत्र के दौरान राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री ने आईआरसीटीसी अकाउंट को डीएक्टिवेट करने और तत्काल टिकट बुकिंग के लिए बनाए गए नए नियम के बारे में सदन को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दलालों द्वारा फर्जी टिकट बुकिंग में लगाम कसने के लिए यह कदम उठाया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने दी जानकारी
केंद्रीय मंत्री की तरफ से बताया कि टिकट बुकिंग सिस्टम में हो रही लगातार गड़बड़ी को खत्म करने के लिए IRCTC ने करीब 2.5 करोड़ आईडी को ब्लॉक किया है। उन्होंने बताया कि यह जानकारी मिली है कि करोड़ों की संख्या में ऐसी फर्जी आईडी हैं जिन्हें गलत जानकारी देकर क्रिएट किया गया है। इसके बाद ऐसी आईडी के खिलाफ सख्त कदम उठाया गया है।
तत्काल टिक बुकिंग के नियम में हुए बदलाव
तत्काल टिकट बुकिंग सिस्टम में हाल ही में हुए बदलाव की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि रेलवे ने अब OTP बेस्ड वेरिफिकेशन प्रॉसेस को शुरू कर दी है। इसके साथ ही अब आधार लिंक्ड अकाउंट के जरिए ही टिकट की बुकिंग होगी। इस बदलाव से फर्जी टिकट बुकिंग पर लगाम कसने में बड़ी मदद मिलेगी। कंद्रीय मंत्री ने बताया कि अब भारतीय रेलवे में करीब 89% टिकट अब ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत बुक होते हैं। आपको बता दें कि तत्काल टिकट बुकिंग का नया नियम 1 जुलाई 2025 से लागू हो चुका है।
