घूमने-फिरने का प्लान बनाते वक्त सबसे ज्यादा माथापच्ची फ्लाइट के किराए और होटल की बुकिंग को लेकर होती है। कभी टिकट सस्ता मिलता है तो तारीख फिट नहीं बैठती और जब तारीख सही हो तो किराया जेब ढीली कर देता है। लेकिन अब Google ने यात्रियों की इस टेंशन को काफी हद तक आसान करने की तैयारी कर ली है। कंपनी ने अपने AI Mode में कई नए ट्रैवल फीचर्स जोड़ दिए हैं, जिनकी मदद से यूजर्स फ्लाइट का किराया ट्रैक करने से लेकर होटल खोजने और बुकिंग तक का काम Google Search के भीतर ही कर सकेंगे।
टिकट का भाव घटा तो गूगल खुद बजाएगा घंटी
Google ने अपने नए अपडेट में Google Flights का Price Tracking फीचर सीधे AI Mode में शामिल कर दिया है। यानी अब यूजर AI Mode में अपनी यात्रा की जानकारी देकर फ्लाइट के किराए पर नजर रख सकता है। बस कहिए कि किस शहर से कहां जाना है और कब उड़ान भरनी है, इसके बाद AI Mode उपलब्ध विकल्पों और ताजा कीमतों की जानकारी दिखाएगा।
खास बात यह है कि AI Mode 300 से ज्यादा पार्टनर एयरलाइंस और ट्रैवल साइट्स से जानकारी जुटाकर विकल्प दिखा सकता है। यूजर अगर किसी खास रूट और तारीख के लिए प्राइस ट्रैकिंग चालू करता है, तो किराए में बदलाव होने पर उसे ईमेल के जरिए अलर्ट मिल जाएगा। यानी टिकट कब सस्ता हुआ, इसका हिसाब-किताब रखने के लिए बार-बार Search करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
पूरा ट्रिप प्लान भी यहीं, टिकट खरीदने का रास्ता भी यहीं
Google का AI Mode सिर्फ फ्लाइट खोजने तक सीमित नहीं रहेगा। कंपनी के मुताबिक, यूजर AI Mode में अपनी पूरी यात्रा का प्लान तैयार कर सकता है और टिकट खरीदने के लिए एयरलाइन की वेबसाइट या पसंदीदा बुकिंग प्लेटफॉर्म पर जा सकता है। इससे ट्रैवल प्लानिंग के दौरान अलग-अलग वेबसाइटों के बीच भटकने की झंझट कम होगी। Google के मुताबिक, AI Mode में फ्लाइट की कीमत ट्रैक करने वाला फीचर अब 180 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में उपलब्ध है।
माइल्स और पॉइंट्स से कितनी पड़ेगी उड़ान? AI Mode बताएगा हिसाब
अगर आप एयरलाइन या होटल के Loyalty Points और Miles जमा करते हैं, तो Google ने आपके लिए भी काम आसान कर दिया है। अब AI Mode में यूजर अपनी ट्रिप की जानकारी के साथ यह भी बता सकता है कि वह किस Loyalty Programme के पॉइंट्स या माइल्स इस्तेमाल करना चाहता है।
इसके बाद AI Mode योग्य फ्लाइट्स के लिए कितने माइल्स की जरूरत होगी, इसकी जानकारी दिखाएगा। यही सुविधा होटल के लिए भी उपलब्ध कराई गई है। यूजर संबंधित पार्टनर वेबसाइट पर जाकर अपने रिवॉर्ड्स को रिडीम कर सकता है।
बड़े-बड़े ट्रैवल ब्रांड्स जुड़ रहे हैं
Google ने बताया है कि AI Mode में Points और Miles की जानकारी देने वाली सुविधा दुनियाभर में उपलब्ध है। इसमें Alaska Airlines, Hawaiian Airlines, American Airlines, Choice Hotels International, Hilton और Wyndham Hotels & Resorts जैसे पार्टनर्स का सपोर्ट शामिल है।
कंपनी के मुताबिक, आने वाले समय में Accor, Flying Blue, Hyatt, LATAM Airlines और Lufthansa Group जैसे नाम भी इस सुविधा से जुड़ेंगे। यानी आने वाले दिनों में रिवॉर्ड पॉइंट्स से ट्रैवल प्लान करना और भी आसान हो सकता है।
होटल ढूंढने से लेकर बुकिंग तक, AI Mode संभालेगा पूरा काम
Google ने AI Mode में होटल बुकिंग की सुविधा भी पेश की है। अब यूजर सिर्फ अपनी डेस्टिनेशन, यात्रा की तारीख और होटल को लेकर अपनी पसंद बताकर विकल्प तलाश सकता है। AI Mode होटल के विकल्पों के साथ गेस्ट रिव्यू और जरूरी जानकारी भी दिखाएगा, जिससे अलग-अलग होटलों की तुलना करना आसान होगा।
इतना ही नहीं, होटल पसंद आने के बाद यूजर AI Mode से बुकिंग में मदद भी ले सकता है। जहां होटल चेन या ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसी Google के साथ इंटीग्रेटेड होगी, वहां “Continue on Google” विकल्प के जरिए बुकिंग प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी और लेन-देन Google Pay के जरिए पूरा किया जा सकेगा।
