Google ने एंड्रॉयड यूजर्स को बड़ा झटका दिया है। कंपनी ने क्लासिक Google Weather फीचर को बंद कर दिया है, जो लंबे समय से यूजर्स के बीच एक लोकप्रिय मिनी-ऐप के रूप में इस्तेमाल हो रहा था। अब इसकी जगह Google सर्च के अंदर नया वेदर इंटरफेस दिखाई देगा। इस बदलाव की जानकारी सबसे पहले 9to5Google ने दी। रिपोर्ट के मुताबिक, पहले जिस शॉर्टकट से Google Weather खुलता था, अब वही यूजर को सीधे सर्च रिजल्ट पेज पर ले जाता है।
कैसा था पुराना Google Weather अनुभव?
पुराना Google Weather कोई अलग स्टैंडअलोन ऐप नहीं था, बल्कि Google ऐप के भीतर एक फुल-स्क्रीन इंटरफेस के रूप में खुलता था। इसमें “Froggy” नाम का आकर्षक बैकग्राउंड होता था, जो यूजर्स को साफ-सुथरा और बिना किसी रुकावट वाला अनुभव देता था।
यूजर यहां मौजूदा मौसम की स्थिति देख सकते थे, 10 दिनों का पूर्वानुमान स्वाइप करके चेक कर सकते थे और सेव किए गए शहरों के बीच आसानी से स्विच कर सकते थे। इसमें न तो विज्ञापन होते थे और न ही अनावश्यक सर्च लिंक। खासकर नॉन-पिक्सल एंड्रॉयड डिवाइस पर यह मौसम देखने का सबसे तेज और आसान तरीका था।
अब कैसा दिखेगा नया इंटरफेस?
अब वही शॉर्टकट एक सामान्य Google सर्च रिजल्ट पेज खोलता है। इसमें प्रति घंटे का पूर्वानुमान, 10 दिन का आउटलुक, एयर क्वालिटी डेटा और अन्य विस्तृत मौसम जानकारी शामिल होती है, हालांकि यह पेज सामान्य सर्च पेज की तरह अन्य संबंधित लिंक और क्वेरी भी दिखाता है। इससे यूजर्स को अधिक जानकारी और आधुनिक डिजाइन मिलती है, लेकिन पुरानी “Froggy” स्क्रीन की सरलता और फोकस्ड अनुभव अब नहीं मिलेगा।
Pixel यूजर्स पर क्या असर?
Google Pixel यूजर्स पर इस बदलाव का ज्यादा असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि इन फोन्स में पहले से एक अलग Pixel Weather एप मौजूद है, जो समर्पित और व्यवस्थित अनुभव देता है। यह बदलाव मुख्य रूप से उन एंड्रॉयड यूजर्स को प्रभावित करेगा, जो नॉन-पिक्सल डिवाइस पर Google Weather शॉर्टकट को डिफॉल्ट मौसम टूल के रूप में इस्तेमाल करते थे।
Google की बड़ी रणनीति का हिस्सा
यह कदम Google की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसमें कंपनी अलग-अलग मिनी-एप्स को खत्म कर ज्यादा सेवाओं को सीधे सर्च के भीतर समाहित कर रही है। इससे प्लेटफॉर्म को सरल बनाया जा रहा है, लेकिन कुछ यूजर्स के लिए परिचित और आसान अनुभव खत्म हो रहा है।
