गूगल दुनियाभर के यूजर्स को कई तरह की सर्विस ऑफर करता है। कंपनी समय-समय पर नए नए फीचर्स और अपडेट लाती रहती है ताकि यूजर्स को एक नया अनुभव दिया जा सके। अब कंपनी की तरफ से एक बड़ा कदम उठाया गया है। गूगल ने अब अपने Personal Intelligence फीचर को सभी यूजर्स के लिए पूरी तरह से फ्री कर दिया है। कंपनी का यह कदम करोड़ों यूजर्स को बड़ी सहूलियत देने वाला है। आइए आपको इसकी डिटेल जानकारी देते हैं।
आपको बता दें कि गूगल पिछले काफी समय से अमेरिका में Personal Intelligence फीचर को उपलब्ध करा रहा है। अभी तक इसको इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को पेड सब्सक्रिप्शन लेना पड़ता था लेकिन अब कंपनी ने इसे सभी के लिए पूरी तरह से फ्री कर दिया है। Personal Intelligence फीचर को Gemini App, Google Chrome में Gemini असिस्टेंट और Search में AI Mode के जरिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
यूजर्स को मिलेगी बेहतर जानकारी
गूगल के इस फीचर की सबसे बड़ी खास बात यह है कि चैटबॉट को Gmail, Google Photos और बाकी Google Apps से जोड़कर यूजर्स को उनके सवालों का जवाब देता है। फिलहाल अभी इसकी सुविधा सिर्फ अमेरिका में ही उपलब्ध है और दूसरे देशों में इसे कब तक पेश किया जाएगा इस बारे में गूगल की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई है।
गूगल की तरफ से ब्लॉग पोस्ट में यह जानकारी दी गई कि अब Personal Intelligence सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा चाहे उन्होंने Google AI Plus, AI Pro या AI Ultra सब्सक्रिप्शन लिया हो या न लिया हो। यूजर्स इस फीचर की मदद से अपने Gmail, Google Photos और बाकी Google प्लेटफॉर्म को AI चैटबॉट से जोड़ पाएंगे। इसका एक बड़ा फायदा यह होगा कि एआई चैटबॉट आपके ईमेल्स और फोटो के जरिए सटीक और व्यक्तिगत सुझाव दे सकता है।
डिफॉल्ट रूप से बंद रहेगा फीचर
जो लोग अपनी प्राइवेसी को ज्यादा महत्व देते हैं और अपना डेटा शेयर नहीं करना चाहते, उनके लिए यह फीचर पहले से ही बंद रखा जाता है। कंपनी का कहना है कि Gemini बिना अनुमति के कभी भी संवेदनशील जानकारी, जैसे हेल्थ से जुड़ी बातें, अपने आप समझने या अनुमान लगाने की कोशिश नहीं करेगा।
इसके अलावा, यह भी साफ किया गया है कि यूजर के जुड़े हुए डेटा का इस्तेमाल AI को ट्रेन करने के लिए नहीं किया जाएगा। यह फीचर खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी है जो चैटबॉट से आसान और स्मूथ बातचीत करना चाहते हैं, ताकि उन्हें हर बार अपनी जानकारी दोहरानी न पड़े।
