टेक एंड गैजेट्स

अब आधी रात को नहीं बजेंगे फोन के सायरन, इमरजेंसी अलर्ट पर सरकार का बड़ा फैसला

Emergency Alert Suspended: सरकार ने फोन पर आने वाले इमरजेंसी अलर्ट को फिलहाल बंद कर दिया है। पिछले हफ्ते गुरुवार की आधी रात को लोगों के फोन पर अलर्ट आया था जिसका सोशल मीडिया पर खूब विरोध हुआ।

Image

अब आधी रात को नहीं बजेंगे फोन के सायरन, इमरजेंसी अलर्ट पर सरकार ने लिया बड़ा फैसला

यदि आप भी सरकारी इमरजेंसी अलर्ट से परेशान हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। सरकार ने आपदा और आपातकालीन अलर्ट भेजने वाली Cell Broadcast (CB) सेवा को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह फैसला राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) की सलाह के बाद एहतियाती कदम के तौर पर लिया गया है। सेवा को अगले आदेश तक बंद रखा जाएगा।

तकनीकी और संचालन समीक्षा के लिए लिया गया निर्णय

ANI की रिपोर्ट के मुताबिक NDMA की ओर से जारी सलाह के बाद अधिकारियों ने बताया कि सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है, हालांकि अभी तक सेवा बंद करने के पीछे स्पष्ट कारणों की जानकारी नहीं दी गई है। संबंधित एजेंसियां तकनीकी या प्रक्रियागत जांच कर रही हैं। अधिकारियों ने कहा कि सेवा दोबारा शुरू करने को लेकर आगे की जानकारी NDMA के निर्देशों के आधार पर साझा की जाएगी।

आपदा के समय अलर्ट भेजने का अहम माध्यम है CB सिस्टम

Cell Broadcast System एक महत्वपूर्ण पब्लिक वार्निंग सिस्टम है, जिसके जरिए मोबाइल यूजर्स तक आपातकालीन संदेश और आपदा से जुड़ी सूचनाएं तुरंत पहुंचाई जाती हैं। यह सिस्टम बाढ़, भूकंप, चक्रवात, सुरक्षा संबंधी घटनाओं और अन्य आपात स्थितियों में लोगों को समय पर चेतावनी देने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसकी खासियत यह है कि यह सामान्य SMS सिस्टम पर निर्भर नहीं रहता और बड़ी संख्या में लोगों तक एक साथ अलर्ट पहुंचा सकता है।

मई में शुरू हुआ था देशव्यापी Cell Broadcast System

भारत सरकार ने मई में देशभर के लिए Cell Broadcast System (CBS) लॉन्च किया था। इसे देश के आपदा प्रबंधन और आपातकालीन संचार ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया गया था। इस सिस्टम को दूरसंचार विभाग (DoT) के तहत काम करने वाले सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (C-DOT) ने NDMA और गृह मंत्रालय के सहयोग से विकसित किया है।

लॉन्च के दौरान केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसे आपदा प्रबंधन व्यवस्था में बदलाव लाने वाला कदम बताया था। उन्होंने कहा था कि यह पहल देश को आपदा के बाद प्रतिक्रिया देने वाली व्यवस्था से हटाकर पहले से चेतावनी देने वाली व्यवस्था की ओर ले जाती है।

इंटरनेट के बिना भी पहुंच सकते हैं अलर्ट

सरकार के अनुसार, Cell Broadcast System की मदद से किसी खास भौगोलिक क्षेत्र में मौजूद मोबाइल यूजर्स को तुरंत अलर्ट भेजा जा सकता है। यह सिस्टम भारी नेटवर्क दबाव के दौरान भी काम करने के लिए तैयार किया गया है, क्योंकि आपदा के समय सामान्य संचार सेवाओं पर दबाव बढ़ जाता है।

अलर्ट मोबाइल स्क्रीन पर प्राथमिकता वाले पॉप-अप नोटिफिकेशन के रूप में दिखाई देते हैं और इनके साथ तेज आवाज वाली चेतावनी भी आती है। कुछ डिवाइस में ये संदेश आवाज के जरिए पढ़कर सुनाने की सुविधा भी देते हैं, जिससे ज्यादा लोगों तक सूचना पहुंच सके।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article