Coyote Malware Attack: अगर आपके पास लैपटॉप या फिर डेस्कटॉप है तो आपके लिए काम की खबर है। पिछले कुछ समय में ऑनलाइन फ्रॉड और स्कैम के मामले तेजी से बढ़े हैं। साइबर क्रिमिनल्स लोगो को ठगी का शिकार बनाने के लिए नए नए तरीके अपना रहे हैं। फ्रॉड और स्कैम के लिए अब क्रिमिनल्स टेक्नोलॉजी का भी सहारा ले रहे हैं। ये कभी लोगों को फेक कॉल्स करके फ्रॉड का शिकार बनाते हैं तो कभी स्मार्टफोन और कंप्यूटर में मैलवेयर डालकर स्कैम करते हैं। अब एक नया मैलवेयर सामने आया है जो काफी खतरनाक है। इस मैलवेयर का नाम Coyote है। अगर आप लापरवाही बरतते हैं तो इससे आपको काफी नुकसान हो सकता है।
Coyote Malware एक बेहद खतरना मैलवेयर है जो कि Windows के एक्सेसबिलिटी टूल (Accessibility Tools) पर डायरेक्ट अटैक करता है और फिर डिवाइस से बैंकिंग जैसी पर्सनल डिटेल्स को चुरा लेता है। अगर आप लैपटॉप या फिर डेस्कटॉप कंप्यूटर का इस्तेमाल कर रहे हैं और उसमें विंडोज ऑपरेटिंग सिस्टम है तो आपको अब बेहद अलर्ट रहने की जरूरत है।
प्राइवेसी के लिए बना खतरा
Coyote Malware खासतौर पर Windows की UI Automation का इस्तेमाल करके यूजर्स की पर्सनल जानकारी को खंगालता है। अगर आप लापरवाही बररते हैं तो यह आपके सिस्टम से बैंकिंग समेत दूसरे पर्सनल डेटा को चुरा सकता है। इससे आपका डाटा तो लीक हो ही जाएगा इसके साथ ही यह आपकी प्राइवेसी के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।
एक्टिविटी पर मैलवेयर की नजर
आपको बता दें कि यह मैलवेयर सामान्य दिखने वाले इंस्टालर जैसे Squirrel Installer के जरिए सिस्टम में एंट्री करता है। डिवाइस में पहुंच होने के बाद यह आटोमैटिकली बैकग्राउंड में एक्टिव हो जाता है और इसके बाद यूजर्स की डिटेल्स को कलेक्ट करता है। यह डिवाइस में रहकर यह भी चेक करता है कि यूजर सिस्टम में कौन कौन से टैब, ऐप्स या फिर फोल्डर ओपन कर रहा है।
अगर आप सिस्टम में अपना बैंकिंग ऐप ओपन करते हैं या फिर क्रिप्टो एक्सचेंज को एक्सेस करते हैं तो यह खतरनाक मैलवेयर स्क्रीन में हो रही एक्टिविटी और डेटा को रीड कर लेता है। यह कितना खतरनाक है इसका अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि यह टैब्स और एड्रेस बार से वेबसाइट के यूआरएल को भी निकाल लेता है।
यहां तेजी से बढ़ें मामले
आपको बता दें कि मौजूदा समय में इस मैलवेयर के मामले ब्राजील देश से सबसे ज्यादा सामने आए हैं। रिपोर्ट की मानें तो यह ब्राजील के बड़े बैंक Banco do Brasil, Santander, और क्रिप्टो एक्सचेंज जैसे Binance को अपना शिकार बना रहा है। भारत में इसका मामला सामने नहीं आया है लेकिन टेंशन की बात यह है कि साइबर क्रिमिनल्स अक्सर किसी एक मैलवेयर को एक जगह पर टेस्ट करते हैं और फिर उसे अलग-अलग जगहों पर फैलाते हैं। ऐसे में अगर आप विंडोज सिस्म यूज कर रहे हैं तो आपको बेहद अलर्ट रहने की जरूरत है।
कैसे बचें इस साइबर खतरे से?
- अगर आप कोई सॉफ्टवेयर डाउनलोड कर रहे हैं तो उसे ऑथेंटिक वेबसाइट से ही डाउनलोड करें।
- अपने ऑपरेटिंग सिस्टम को हमेशा अपडेट रखें।
- अगर आपने सिस्टम में एंटिवायरस इंस्टाल कर रखा है तो उसे समय पर अपडेट करें।
- बैकिंग या फिर क्रिप्टो से रिलेटेड काम करते समय भूलकर भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
