Xiaomi भारत में 9 फरवरी को एक बड़ा इवेंट आयोजित करने जा रहा है। इस दिन कंपनी Redmi Note 11S समेत कई और प्रोडक्ट्स को भारत में लॉन्च करेगी। अब कंपनी ने कंफर्म किया है कि इस दिन Redmi Note 11 को भी लॉन्च किया जाएगा। इसकी जानकारी शाओमी के वाइस प्रेसिडेंट मनु कुमार जैन द्वारा ट्विटर पर दी गई है।
Redmi Note 11 की ग्लोबल लॉन्चिंग पिछले महीने की गई थी। जबकि अक्टूबर में इसे चीन में लॉन्च किया गया था। Redmi Note 11S को भी ग्लोबली लॉन्च किया गया है। हालांकि, इसकी लॉन्चिंग चीन में नहीं की गई है।
Xiaomi के वाइस प्रेसिडेंट मनु कुमार जैन ने ट्विटर पर ये जानकारी दी है कि Redmi Note 11 को 9 फरवरी को भारत में लॉन्च किया जाएगा। ट्विटर पर शेयर किए गए पोस्ट पर ये मेंशन किया गया है कि इस नए स्मार्टफोन को 9 फरवरी को Redmi Note 11S के साथ लॉन्च किया जाएगा।
आपको बता दें इन दो स्मार्टफोन्स के अलावा कंपनी 9 फरवरी को होने वाले इवेंट में Redmi Smart Band Pro और Redmi Smart TV X43 को भी लॉन्च करेगी। नए Redmi smart TV में 4K रेजोल्यूशन के साथ 43-इंच का डिस्प्ले मिलेगा। ये एंड्रॉयड TV OS पर चलेगा।
Redmi Note 11 के स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो इसके ग्लोबल वेरिएंट को 6.43-इंच डिस्प्ले, क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 680 प्रोसेसर, 50MP प्राइमरी कैमरा, 13MP फ्रंट कैमरा, एंड्रॉयड 11 और 5000mAh की बैटरी के साथ लॉन्च किया गया था। यही स्पेसिफिकेशन्स इंडियन वेरिएंट में भी देखने को मिल सकते हैं। एक पुरानी रिपोर्ट के मुताबिक इसकी कीमत 13,999 रुपये या 14,499 रुपये रखी जा सकती है।
