टेक एंड गैजेट्स

Apple ने भारत में लॉन्च किया MacBook Neo, 16 घंटे तक चलेगी बैटरी

MacBook Neo में 13-इंच (2,408×1,506 पिक्सल) का Liquid Retina IPS डिस्प्ले दिया गया है, जिसकी पिक्सल डेंसिटी 219ppi है। यह A18 Pro चिप से लैस है, जिसे कंपनी ने डेली यूज में Intel Core Ultra 5 चिप वाले Windows PC की तुलना में 50 प्रतिशत तक तेज बताया है। वहीं कुछ AI टास्क में यह तीन गुना तक बेहतर परफॉर्मेंस देने का दावा करता है।

Image

Apple MacBook Neo Launched in India

Apple ने बुधवार को भारत में अपना नया बजट-फ्रेंडली लैपटॉप MacBook Neo लॉन्च कर दिया है। कंपनी का यह नया लैपटॉप 13-इंच के Liquid Retina डिस्प्ले और A18 Pro चिप के साथ आता है। खास बात यह है कि इसमें वही प्रोसेसर दिया गया है, जो हाल ही में iPhone 16 Pro और iPhone 16 Pro Max में पेश किया गया था। कंपनी का दावा है कि यह लैपटॉप एक बार चार्ज करने पर 16 घंटे तक की बैटरी लाइफ दे सकता है।

भारत में कीमत और उपलब्धता

भारत में MacBook Neo की शुरुआती कीमत 69,900 रुपये रखी गई है, जिसमें 8GB यूनिफाइड मेमोरी और 256GB स्टोरेज मिलता है। वहीं 512GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 79,900 रुपये है। यह लैपटॉप Blush, Citrus, Indigo और Silver कलर ऑप्शन में उपलब्ध होगा। स्टूडेंट्स को इस डिवाइस पर 10,000 रुपये का एजुकेशन डिस्काउंट भी मिलेगा।

अमेरिका में इसकी कीमत रिटेल के लिए 599 डॉलर और एजुकेशन के लिए 499 डॉलर से शुरू होती है। MacBook Neo के लिए प्री-ऑर्डर आज से शुरू हो गए हैं और 11 मार्च से यह कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत रिटेल स्टोर्स के जरिए बिक्री के लिए उपलब्ध होगा।

डिस्प्ले और परफॉर्मेंस

MacBook Neo में 13-इंच (2,408×1,506 पिक्सल) का Liquid Retina IPS डिस्प्ले दिया गया है, जिसकी पिक्सल डेंसिटी 219ppi है। यह A18 Pro चिप से लैस है, जिसे कंपनी ने पारंपरिक कार्यों में Intel Core Ultra 5 चिप वाले Windows PC की तुलना में 50 प्रतिशत तक तेज बताया है। वहीं कुछ AI टास्क में यह तीन गुना तक बेहतर परफॉर्मेंस देने का दावा करता है।

यह लैपटॉप 8GB यूनिफाइड मेमोरी और 256GB या 512GB SSD स्टोरेज विकल्प के साथ आता है। MacBook Air की तरह इसमें RAM अपग्रेड का विकल्प नहीं मिलता। डिवाइस में Magic Keyboard, मल्टीटच ट्रैकपैड और 512GB वेरिएंट में Touch ID सपोर्ट दिया गया है। यह macOS Tahoe पर चलता है।

वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 1080p FaceTime HD वेबकैम, डुअल माइक्रोफोन ऐरे (Voice Isolation और Wide Spectrum मोड के साथ) और डुअल स्पीकर सेटअप दिया गया है, जो Dolby Atmos और Spatial Audio को सपोर्ट करता है।

कनेक्टिविटी और बैटरी

MacBook Neo में Wi-Fi 6E और Bluetooth 6 का सपोर्ट मिलता है। इसमें एक USB 3.0 Type-C पोर्ट (DisplayPort 1.4 सपोर्ट के साथ) और एक USB 2.0 Type-C पोर्ट दिया गया है, दोनों से चार्जिंग की जा सकती है। इसके अलावा हेडफोन जैक भी उपलब्ध है।

इसमें 36.5Wh की बैटरी दी गई है, जिसे 20W USB Type-C एडॉप्टर से चार्ज किया जा सकता है। कंपनी के अनुसार यह लैपटॉप 11 घंटे तक वेब ब्राउजिंग और 16 घंटे तक वीडियो स्ट्रीमिंग की बैटरी लाइफ दे सकता है। लैपटॉप का वजन 1.23 किलोग्राम है और इसका साइज 297.5×206.4×12.7mm है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article