Apple AI Features: भारत में एप्पल के प्रोडक्ट्स को काफी पसंद किया जाता है और हाल ही में कंपनी ने अपने भारतीय यूजर्स के लिए एक बड़ी घोषणा की है। कंपनी भारत में एक और प्रमुख अपडेट की तैयारी कर रही है। एप्पल ने जानकारी साझा करते हुए बताया है कि जल्द ही कंपनी का AI सुईट भारत आ सकता है। दरअसल एप्पल अपने स्मार्टफोन डिवाइसेज के लिए जल्द iOS 18.4 अपडेट जारी कर सकता है और इस अपडेट के साथ ही एप्पल का AI सुईट भारतीय यूजर्स के साथ-साथ अन्य यूजर्स को भी ऑफर किया जाएगा।
बहुभाषी होगा एप्पल का AI
एप्पल ने कुछ समय पहले ही एक ब्लॉग में जानकारी साझा करते हुए बताया था कि कंपनी का AI मॉडल अब अधिक भाषाओं को सपोर्ट करेगा। एप्पल द्वारा अपडेट किये जाने के बाद कंपनी का AI फ्रेंच, इटालियन, जर्मन, ब्राजीलियन-पुर्तगाली, स्पेनिश, जापानी, कोरियाई और साधारण चीनी भाषाओं को भी सपोर्ट कर पाएगा। AI को iOS 18.4, iPad OS 18.4 और मैक OS सिकोया 15.4 के माध्यम से अपडेट दिया जाएगा। माना जा रहा है कि इन सभी अपडेट्स को अप्रैल 2025 में लॉन्च किया जाएगा।
इन्हें अभी से मिलेंगे AI वाले फीचर्स
आपको बता दें कि डेवेलपर्स अभी से AI वाले फीचर्स की टेस्टिंग कर सकते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि एप्पल ने आगामी फीचर्स का बीटा वेरिएंट लॉन्च कर दिया है। iOS 18.4 अपडेट के साथ बहुत से बेहतर और नए फीचर्स देखने को मिल सकते हैं। इनमें से एक सबसे प्रमुख फीचर, प्रायोरिटी नोटिफिकेशन है। इस एक फीचर की मदद से यूजर्स तय कर सकते हैं कि उनके लिए कौन सी नोटिफिकेशन्स जरूरी हैं। AI इन प्रमुख ऐप्स से आई नोटिफिकेशन को हाईलाइट करके दिखाता है।
