World Athletics Championship 2025 Final: वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारत के हाथों निराशा लगी है। देश के ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा सुपर 8 राउंड से ही बाहर हो गए हैं। नीरज चोपड़ा के पास अपना टाइटल डिफेंड करने का मौका था और टोक्यो में एक बार फिर से इतिहास रचने की उम्मीद थी लेकिन वे पहले थ्रो से ही असरदार नहीं दिखे और अंत में हार झेलनी पड़ी। वहीं 2012 के ओलंपिक विजेता केशोर्न वॉल्कोट ने दमदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीत लिया है।
हालांकि सचिन यादव ने सभी को इंप्रेस कर दिया। उन्होंने पहला थ्रो 86.27 का फेंका। सचिन ने दूसरे थ्रो में फाउल कर दिया और तीसरे थ्रो में 85.71 का थ्रो मारा और चोथे थ्रो में वे 84.9 पर रहे और पांचवे राउंड में 85.4 का थ्रो फेंका और सभी का दिल जीत लिया।
नीरज चोपड़ा ने इस चैंपियनशिप में पहला थ्रो 83.65 मीटर का डाला और वे तीसरे नंबर पर रहे। इसके बाद दूसरे थ्रो में उन्होंने 84.27 का मार्क टच किया। तीसरे थ्रो को उन्होंने खुद रद्द करवा दिया और चौथे में वे काफी उम्मीदों के साथ आए थे लेकिन केवल 82.30 का थ्रो मार पाए वहीं आखिरी थ्रो में भी उन्होंने फाउल कर दिया और सुपर 8 राउंड के बाद ही बाहर हो गए।
पहली बार में ही किया था क्वालिफाई
इससे पहले भारत के जेवलिन थ्रो स्टार नीरज चोपड़ा ने क्वालिफिकेशन राउंड में सभी को हैरान कर दिया है। नीरज चोपड़ा ने 84.85 मीटर के शानदार पहले थ्रो के साथ विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया था। फाइनल में पहुंचने के लिए आवश्यक स्कोर 84.50 था और ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने आसानी से इससे अधिक अंक प्राप्त कर लिए।
