स्पोर्ट्स

Women's Hockey Asia Cup 2025: भारत ने महिला एशिया कप हॉकी में जापान को 2-2 की बराबरी पर रोका

भारतीय महिला टीम चीन के हांगझोउ में चल रहे विमेंस हॉकी एशिया कप 2025 में जापान के खिलाफ 2-2 की बराबरी करने में सफल रही। जानिए कैसा रहा मैच का हाल?

Image

भारत बनाम जापान (फोटो क्रेडिट Hockey India X)

हांगझोउ (चीन): नवनीत कौर के आखिरी क्षणों में पेनल्टी कॉर्नर पर किये गोल की बदौलत भारत ने दो बार पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए महिला एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के अपने दूसरे पूल मैच में जापान को 2-2 से बराबरी पर रोक दिया। हिरोका मुरायामा ने पूल बी के इस मैच के 10वें मिनट में गोल करके विश्व रैंकिंग में 12वें स्थान पर काबिज जापान को बढ़त दिलाई लेकिन 30वें मिनट में रुतुजा दादासो पिसाल ने भारत के लिए बराबरी का गोल किया। चिको फुजीबायाशी ने 58वें मिनट में जापान को एक बार फिर आगे कर दिया मगर मैच के आखिरी मिनट में नवनीत ने गोल करके मुकाबला ड्रॉ करा दिया।

विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर काबिज भारत ने अपने पहले मैच में थाईलैंड को 11-0 से हराया था और अब उसके सामने आठ सितंबर को सिंगापुर की चुनौती होगी। टूर्नामेंट में आठ टीमें भाग ले रही हैं। दोनों पूल की शीर्ष दो टीमें सुपर चार चरण के लिए क्वालीफाई करेंगी। सुपर चार में शीर्ष दो टीमें 14 सितंबर को फाइनल में भिड़ेंगी। भारत इस टूर्नामेंट में अपनी अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया और ड्रैग-फ्लिकर दीपिका के बिना खेल रहा है। ये दोनों खिलाड़ी चोटिल हैं। एशिया कप को जीतने वाली टीम 2026 में बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले महिला विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई कर जाएगी।

भारत के आक्रामक रुख को जापान ने नहीं होने दिया हावी

भारत ने मैच शुरू होते ही आक्रामक रूख अपनाया लेकिन जापान के खिलाड़ियों को शानदार तरीके से इसका सामना कर दबाव को हावी होने का मौका नहीं दिया। मुरायामा ने इस दौरान भारतीय रक्षापंक्ति को चकमा देते हुए गोल कर जापान का खाता खोल दिया। शुरुआती क्वार्टर और फिर दूसरे क्वार्टर में ज्यादातर समय तक जापान की यह बढ़त बरकरार रही। भारतीय टीम ने बराबरी करने के लिए लगातार हमले किये लेकिन जापान ने सतर्कता से उसका सामना करते हुए भारत को रोके रखा। पहले हाफ के आखिरी क्षणों में रुतुजा ने गोल कर स्कोर को 1-1 कर दिया।

सिंगापुर से होगी अगले मैच में भिड़ंत

दोनों ही टीमों ने दूसरे हाफ की शुरुआत में सतर्कता बरतते हुए प्रतिद्वंद्वी टीम को बढ़त हासिल करने से रोकने पर ध्यान दिया। भारतीय टीम ने पहले हाफ की अपनी मजबूत प्रदर्शन को तीसरे क्वार्टर में भी जारी रखा लेकिन जापान की अनुशासित रक्षा इकाई ने उन्हें गोल करने में सफल नहीं होने दिया। मैच के आखिरी क्षणों में दोनों टीमों ने पूरी ताकत झोंक दी। जापान को मैच खत्म होने से दो मिनट पहले पेनल्टी स्ट्रोक मिला और फुजीबायाशी के गोल से टीम 2-1 की बढ़त लेने में सफल रही। मैच भारत से फिसलता दिख रहा था और टीम ने बराबरी करने के लिए सब कुछ झोक दिया। भारत अंतिम क्षणों में पेनल्टी कॉर्नर हासिल करने में सफल रहा जिसे नवनीत ने गोल में बदल कर जापान को अंक साझा करने पर मजबूर किया। भारत के सामने अब आठ सितंबर को सिंगापुर की चुनौती होगी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article