स्पोर्ट्स

Women's Hockey Asia Cup 2025: भारतीय महिला टीम ने किया विजयी आगाज, थाईलैंड को दी करारी मात

भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन के हांगझोउ में शुरू हुई महिला हॉकी एशिया कप 2025 में थाइलैंड के खिलाफ धमाकेदार जीत के साथ शुरुआत की है।

Image

भारतीय महिला हॉकी टीम 2025 (फोटो क्रेडिट Hockey India X)

हांगझोउ (चीन): उदिता दुहान और ब्यूटी डुंग डुंग के दो-दो गोल की मदद से भारत ने महिला एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में शुक्रवार को यहां थाईलैंड को 11-0 से करारी शिकस्त देकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। उदिता ने 30वें और 52वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर जबकि डुंग डुंग ने 45वें और 54वें मिनट में गोल किए। इन दोनों के अलावा भारत की तरफ से मुमताज खान (सातवें मिनट), संगीता कुमारी (10वें), नवनीत कौर (16वें), लालरेम्सियामी (18वें), थौदाम सुमन देवी (49वें), शर्मिला देवी (57वें) और रुतुजा दादासो पिसल (60वें) ने गोल दागे।

हाफ टाइम में भारत ने बना ली थी 5-0 की बढ़त

वर्तमान में विश्व में नौवें स्थान पर काबिज भारत ने 30वें स्थान पर काबिज थाई टीम के खिलाफ पूल बी के मैच में हाफ टाइम तक 5-0 की बढ़त बना ली थी। भारत को कुल नौ पेनल्टी कॉर्नर मिले, जिनमें से पांच को उसने गोल में बदला। दूसरी तरफ थाईलैंड एक भी पेनल्टी कार्नर हासिल नहीं कर पाया। भारत ने शुरू से ही दबदबा बना दिया था। पहले क्वार्टर में मुमताज और संगीता के दो फील्ड गोल किए। दूसरे क्वार्टर में भारत ने अधिक हमलावर तेवर दिखाये और तीन गोल दागकर अपनी बढ़त और मजबूत कर दी।

आखिरी क्वार्टर में भारत ने किए पांच गोल

अनुभवी फारवर्ड नवनीत और मिडफील्डर लालरेम्सियामी ने एक-एक फील्ड गोल किया, जिसके बाद हाफ टाइम से ठीक पहले उदिता ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा। दूसरे हाफ में भी यही स्थिति रही और भारत ने थाईलैंड के सर्कल के अंदर लगातार हमले जारी रखे। भारत को तीसरे क्वार्टर में चार पेनल्टी कॉर्नर मिले जिनमें से डुंग डुंग ने 45वें मिनट में एक को गोल में बदला। भारत ने आखिरी क्वार्टर में पांच गोल करके अपनी बड़ी जीत सुनिश्चित की। मुमताज, उदिता और शर्मिला ने पेनल्टी कॉर्नर पर जबकि डुंग डुंग और रुतुजा ने फील्ड गोल किए।

ऐसा है टूर्नामेंट का फॉर्मेट

इस टूर्नामेंट में आठ टीमें भाग ले रही हैं जिन्हें दो पूल में बांटा गया है। दोनों पूल से शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें सुपर 4 चरण के लिए क्वालीफाई करेंगी। सुपर 4 की शीर्ष दो टीमें 14 सितंबर को होने वाले फाइनल में खेलेंगी। भारत इस टूर्नामेंट में अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया और शीर्ष ड्रैग फ्लिकर दीपिका के बिना उतरा है। यह दोनों चोटिल होने के कारण इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रही है।

महिला विश्व कप के लिए है क्वालीफायर टूर्नामेंट

एशिया कप विजेता टीम बेल्जियम और नीदरलैंड में अगले साल होने वाले महिला विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेगी। थाईलैंड के बाद भारत अब शनिवार को जापान से भिड़ेगा। इसके बाद वह पूल चरण के अपने अंतिम मैच में आठ सितंबर को सिंगापुर का सामना करेगा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article