स्पोर्ट्स

बोस्निया को हराकर FIFA वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 16 में पहुंचा मेजबान अमेरिका, गोल करने वाले बेलोगन को रेड कार्ड

FIFA World Cup, USA vs Bosnia And Herzegovina Match Highlights: फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मैच में फोलेरिन बेलोगन ने बोस्निया-हर्जेगोविना के खिलाफ टूर्नामेंट का अपना तीसरा गोल करके अमेरिका को बढ़त दिलाई लेकिन दूसरे हाफ की शुरुआत में उन्हें रेड कार्ड मिला जिससे मेजबान टीम को 2-0 की जीत के दौरान बाकी मैच 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। अब फोलेरिन राउंड ऑफ 16 के मैच में बेल्जियम के खिलाफ नहीं खेल सकेंगे।

Image

अमेरिका फीफा वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 16 में पहुंचा, गोल स्कोरर बेलोगन को रेड कार्ड

Photo : AP

USA vs Bosnia And Herzegovina Highlights, FIFA World Cup: फोलेरिन बेलोगन ने बुधवार रात विश्व कप के राउंड ऑफ 32 मैच में बोस्निया-हर्जेगोविना के खिलाफ टूर्नामेंट का अपना तीसरा गोल करके अमेरिका को बढ़त दिलाई लेकिन दूसरे हाफ की शुरुआत में उन्हें लाल कार्ड मिला जिससे मेजबान टीम को 2-0 की जीत के दौरान बाकी मैच 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।

बेलोगन ने एनबीए के लेब्रोन जेम्स के ’द साइलेंसर’ मूव के साथ दो बार गोल का जश्न मनाया। उन्होंने पहली बार जब गोल किया था तो ऑफ साइड के कारण गोल को अमान्य कर दिया गया। तारिक मुहरेमोविच के दाहिने टखने पर पैर रखने के कारण उन्हें ब्राजील के रैफरी राफेल क्लॉस ने 64वें मिनट में लाल कार्ड दिखाया। क्लॉस ने शुरू में कार्ड का संकेत नहीं दिया लेकिन वीडियो रिव्यू के बाद बेलोगन को लाल कार्ड दिखाया। अब राउंड ऑफ 16 में अमेरिका का मैच बेल्जियम के खिलाफ होगा। बेल्जियम ने इससे पिछले मुकाबले में 0-2 से पिछड़ने के बावजूद अंतिम मिनटों में 3-2 से सेनेगल को हराकर अगले चरण में जगह बनाई है। हालांकि, अब बेल्जियम के खिलाफ मैच में रेड कार्ड की वजह से अमेरिका के गोल स्कोरर बेलोगन नहीं खेल सकेंगे।

बेलोगन विश्व कप नॉकआउट मैच में गोल करने और फिर बाहर भेजे जाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में ब्राजील के रोनाल्डिन्हो और 2006 में इटली के खिलाफ फाइनल में फ्रांस के जिनेदिन जिदान के साथ ऐसा हो चुका है। अमेरिका के कोच मौरिसियो पोचेतिनो ने कहा, "यह कभी भी जानबूझकर नहीं किया गया था। यह कभी भी लाल कार्ड नहीं होता। कभी नहीं।"

बेलोगन अब सोमवार को बेल्जियम के खिलाफ होने वाले प्री क्वार्टर फाइनल मैच से निलंबित रहेंगे। डिफेंडर क्रिस रिचर्ड्स ने कहा, "हमने उससे कहा कि हम उसके साथ हैं। हम 26 लोगों की टीम हैं, सिर्फ एक की नहीं। अगर एक खिलाड़ी बाहर हो जाता है तो दूसरा खिलाड़ी आगे आता है।"

इससे पहले 31वें मिनट में ऑफ साइड के कारण बेलोगन का गोल अमान्य होने के बाद उन्होंने 45वें मिनट में अमेरिका को बढ़त दिलाई। मलिक टिलमैन के पास को बोस्निया के स्टजेपन राडेलजिक ने स्लाइडिंग करने क्लियर करने की कोशिश में बेलोगन की तरफ मोड़ दिया था।

गेंद मुहरेमोविक के पैर से टकराकर बेलोगन के सामने आई और उन्होंने अपने बाएं पैर से दनदनाता हुआ शॉट लगाकर गोलकीपर निकोला वासिलज को छकाकर गोल कर दिया। यह टूर्नामेंट में उनका तीसरा और कुल मिलाकर 12वां अंतरराष्ट्रीय गोल था।

टिलमैन ने इसके बाद दूसरे हाफ में 82वें मिनट में एक और गोल दागकर अमेरिका की जीत सुनिश्चित की। एनबीए में सबसे अधिक स्कोर करने वाले 41 साल के जेम्स ने विरोधी टीम के नाराज दर्शकों को शांत करने के लिए यह खास जश्न मनाया था। जेम्स ने भी सोशल मीडिया पर गोल का जश्न मनाया।

बेलोगन विश्व कप में सबसे अधिक गोल करने वाले अमेरिकी खिलाड़ियों की सूची में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। उनसे आगे सिर्फ बर्ट पैटेनौड हैं जिन्होंने 1930 के पहले टूर्नामेंट में चार गोल किए थे।

बेलोगन को विश्व कप में अमेरिका का पांचवां लाल कार्ड मिला। उनसे पहले 1990 में चेकोस्लोवाकिया के खिलाफ एरिक विनाल्डा, 1994 में ब्राजील के खिलाफ फर्नांडो क्लेविजो और 2006 में इटली के खिलाफ पाब्लो मास्ट्रोनी और एडी पोप को लाल कार्ड मिला था।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article