स्पोर्ट्स

US Open 2026 में चिड़िया ने मचाया बवाल, पॉइंट जीतने के बाद भी मेदवेदेव हुए अंपायर से नाराज- VIDEO

डेनिल मेदवेदेव ने दूसरे दौर के मुकाबले में अमेरिका के वाइल्डकार्ड खिलाड़ी सेबेस्टियन गोर्जनी को सीधे सेटों में 6-1, 6-3, 7-5 से हराकर तीसरे दौर में जगह बना ली। हालांकि, मैच का सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला पल उनकी जीत नहीं, बल्कि नेट पर बैठी दो चिड़ियां रहीं।

Image

चिड़िया के चलते यूएस ओपन में मचा बवाल। फोटो- AP

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। US Open 2026: यूएस ओपन में डेनिल मेदवेदेव और सेबेस्टियन गोर्जनी के बीच मुकाबले के दौरान एक ऐसा अजीबोगरीब वाकया हुआ, जिसने कुछ देर के लिए टेनिस मैच का पूरा माहौल बदल दिया। मैच के बीच दो चिड़ियां नेट पर आकर बैठ गईं। इसके बाद अंपायर के एक फैसले से मेदवेदेव नाराज नजर आए।

डेनिल मेदवेदेव ने दूसरे दौर के मुकाबले में अमेरिका के वाइल्डकार्ड खिलाड़ी सेबेस्टियन गोर्जनी को सीधे सेटों में 6-1, 6-3, 7-5 से हराकर तीसरे दौर में जगह बना ली। हालांकि, मैच का सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला पल उनकी जीत नहीं, बल्कि नेट पर बैठी दो चिड़ियां रहीं।

नेट पर आ गईं दो चिड़ियां

मुकाबले के दूसरे सेट के दौरान रोमांचक रैली चल रही थी, तभी दो चिड़ियां नेट पर आकर बैठ गईं। मेदवेदेव की नजर उन पर तुरंत पड़ गई। उनका मानना था कि जैसे ही चिड़ियां कोर्ट पर दिखाई दीं, उसी समय पॉइंट रोक दिया जाना चाहिए था। लेकिन खेल कुछ देर तक चलता रहा। मेदवेदेव के मुताबिक करीब 45 सेकंड तक रैली जारी रही और इसके बाद जब उन्होंने विजयी शॉट लगाया, तब चेयर अंपायर ने पॉइंट रोककर उसे दोबारा खेलने का फैसला किया।

मेदवेदेव ने जताई आपत्ति

यही फैसला मेदवेदेव को पसंद नहीं आया। उन्होंने अंपायर से सवाल किया कि जब पॉइंट लगभग खत्म हो चुका था और उन्होंने विजयी शॉट खेल दिया था, तब खेल क्यों रोका गया। मेदवेदेव ने बाद में इस घटना को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि उन्होंने चिड़ियों को तुरंत देख लिया था और उन्हें उम्मीद थी कि अंपायर उसी वक्त खेल रोक देंगे। उनके लिए यह स्थिति काफी असामान्य थी।

मेदवेदेव ने कहा, ’मैंने अपने जीवन में इससे अधिक हास्यास्पद फैसला नहीं देखा। यह बहुत बुरा है। जब पक्षी नेट पर बैठे तो मुझे लगा कि अंपायर खेल रोक देंगे, लेकिन उन्होंने खेल जारी रखा। मैंने सोचा चलो खेलते हैं लेकिन जैसे ही मैंने विजयी शॉट मारा, वह चिल्लाए, ’रुको। रुको। रुको’।’

तीसरे दौर में बनाई जगह

चिड़िया वाले विवाद के बावजूद मेदवेदेव अपनी लय से नहीं भटके। उन्होंने मुकाबले की शुरुआत से ही गोर्जनी पर दबाव बनाए रखा। पहले सेट को उन्होंने महज 21 मिनट में 6-1 से अपने नाम कर लिया। तीसरे सेट में गोर्जनी ने बेहतर प्रदर्शन किया और मेदवेदेव को कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अंत में मेदवेदेव ने मुकाबला अपने नाम किया। इस जीत के साथ मेदवेदेव ने US Open के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। अब उनका सामना जॉम मुनार या आर्थर रिंडरकनेख में से किसी एक खिलाड़ी से होगा।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article