स्पोर्ट्स

Intercontinental Cup 2024: भारत को शिकस्त देकर इस देश ने पहली बार जीता इंटरकॉन्टिनेंटल कप का खिताब

Intercontinental Cup 2024: भारतीय फुटबॉल टीम को इंटरकॉन्टिनेंटल कप में हार का सामना करना पड़ा। टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में भारत का सामना सीरिया से हुआ। इस मुकाबले में भारतीय टीम को 0-3 हार मिली और इसके साथ ही तीसरी बार चैम्पियन बनने की उम्मीद भी टूट गई।

Image

ट्रॉफी के साथ सीरिया फुटबॉल टीम के खिलाड़ी। (फोटो- Indian Football Team X)

Photo : Twitter

Intercontinental Cup 2024: भारतीय फुटबॉल टीम की तीसरी बार इंटरकॉन्टिनेंटल कप खिताब जीतने की उम्मीद सीरिया से 0-3 की हार के साथ टूट गईं। तीन देशों के इस टूर्नामेंट के आखिरी मैच में सीरिया के लिए महमूद अल असवाद (सातवें), दालेहो ईरानदुस्त (76वें) और पाब्लो सब्बाग (90+6 मिनट) ने गोल दागे। इगोर स्टिमैक के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच बने मनोलो मार्केज का कार्यकाल निराशाजनक तरीके से शुरू हुआ। उन्हें जुलाई में टीम की बागडोर सौंपी गयी थी।

भारत को इससे पहले तीन सितंबर को मॉरीशस ने गोलरहित बराबरी पर रोका था, जबकि सीरिया ने मॉरीशस को 2-0 से हराया था। सीरिया ने अपना अभियान छह अंक के साथ तालिका में शीर्ष स्थान पर रहते हुए खत्म किया। भारत और मॉरीशस के नाम एक-एक अंक रहे। इस टूर्नामेंट में फाइनल मैच नहीं होता है और राउंड-रोबिन मुकाबलों के बाद सबसे ज्यादा अंक जुटाने वाली टीम टूर्नामेंट जीतती है। भारत ने 2018 और 2023 में इस खिताब जीता था, जबकि 2019 में तीसरे स्थान पर रहे सीरिया के लिए यह पहली ट्रॉफी है।

यह पहला मौका है जब सीरिया ने भारतीय धरती पर कोई खिताब जीता है। इस पश्चिम एशियाई देश का भारत में टूर्नामेंट खेलने का एक लंबा इतिहास है, लेकिन सोमवार से पहले उसने एक भी खिताब नहीं जीता था। सीरिया 2007 और 2009 में नेहरू कप फाइनल में भारत से हार गया था जबकि टीम 2012 में इस टूर्नामेंट में चौथे स्थान पर रही थी।

भारत के अपने पिछले दौरे पर सीरिया 2019 में इंटरकॉन्टिनेंटल कप में तीसरे स्थान पर रहा था। इस दौरान उसने भारत के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था। दोनों टीमों के बीच पिछली भिड़ंत में सीरिया ने जनवरी में कतर में एशियाई कप में भारत को 1-0 से हराया था।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article