स्पोर्ट्स

Syed Modi International Super 300: सैयद मोदी इंटनरेशन के फाइनल में पहुंची पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन

ओलंपिक में दो बार की पदक विजेता पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शनिवार को सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला और पुरुष एकल के फाइनल में पहुंच गये हैं।

Image

लक्ष्य सेन (BAI Media)

लखनऊ: ओलंपिक में दो बार की पदक विजेता पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शनिवार को सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्रमश: महिला और पुरुष एकल के फाइनल में पहुंच गये। शीर्ष वरीयता प्राप्त सिंधु ने महिला एकल के पहले सेमीफाइनल में उन्नति को केवल 36 मिनट में 21-12, 21-9 से हरा दिया। लक्ष्य ने जापान के शोगो ओगावा को 42 मिनट में 21-8, 21-14 से शिकस्त दी। सिंधु के दमदार खेल के सामने उन्नति को संघर्ष करना पड़ा और उन्होंने कई गलतियां की जिसके कारण उनकी मजबूत प्रतिद्वंदी ने पूरे मैच के दौरान नियंत्रण बनाए रखा।

सिंधु ने मैच के बाद कहा,'मैं आज के अपने प्रदर्शन से खुश हूं। मैंने शुरू से ही बढ़त बनाए रखी। मैंने कुछ स्ट्रोक आजमाए और कुल मिलाकर मैं जिस तरह से खेली उसको लेकर आश्वस्त थी। मुझे लगता है कि उन्नति ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया लेकिन मैंने उसे कोई मौका नहीं दिया। मैंने शुरू से लेकर आखिर तक बढ़त बनाए रखी। वह उदीयमान खिलाड़ी है और मैं उसे शुभकामनाएं देती हूं। मुझे अब कल की तैयारी पर ध्यान देना होगा क्योंकि यह आसान मुकाबला नहीं होगा। मुझे शुरू से लेकर आखिर तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।'

सिंधू जीतना चाहेंगी तीसरा खिताब

यहां अपने तीसरे खिताब की कवायद में लगी सिंधु का अगला मुकाबला लुओ यू वू से होगा। चीन की इस खिलाड़ी ने दूसरे सेमीफाइनल में थाईलैंड की लालिनराट चाइवान को शिकस्त दी। दूसरी ओर, राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन लक्ष्य का फाइनल में सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह से मुकाबला होगा।

इससे पहले तनीषा क्रैस्टो और ध्रुव कपिला की भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी ने चीन की झी होंग झोउ और जिया यी यांग की जोड़ी पर सीधे गेम में जीत दर्ज करके फाइनल में जगह बनाई। पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने 42 मिनट तक चले सेमीफाइनल में चीन की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी को 21-16, 21-15 से हराया। उनका अगला मुकाबला चीन की पिन यी लियाओ से होगा। और के शिन हुआंग तथा थाईलैंड की डेचापोल पुवारानुक्रोह और सुपिसरा पेवसम्प्रान की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।

सिंधू ने पूरे मैच में बनाए रखा अपना दबदबा

सिंधु ने सेमीफाइनल मैच में शुरू में ही 5-3 की बढ़त हासिल कर ली थी। इसके बाद 17 वर्षीय उन्नति ने कुछ अच्छे अंक बनाए लेकिन वह सिंधु को इंटरवल तक 11–8 से बढ़त लेने से नहीं रोक पाई। सिंधु इसके बाद 15–8 से आगे हो गई और फिर उन्होंने पहला गेम आसानी से अपने नाम किया। दूसरे गेम में भी कहानी नहीं बदली तथा सिंधु ने आक्रामक खेल दिखाकर अपना दबदबा बनाए रखा। उन्होंने इंटरवल तक 11–4 की बढ़त हासिल करके अपनी आसान जीत सुनिश्चित कर दी थी। उन्नति 12 मैच पॉइंट में से केवल एक का बचाव कर पाई और एक और गलती से उन्होंने मैच सिंधु की झोली में डाल दिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article