स्पोर्ट्स

Sultan of Johor Cup 2025: भारत को हराकर ऑस्ट्रेलिया ने जीता सुल्तान जोहोर कप का खिताब

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 2-1 के अंतर से मात देकर तीसरी बार सुल्तान जोहोर कप का खिताब अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया को पटखनी देने में नाकाम रही।

Image

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया (फोटो क्रेडिट Hockey India X)

जोहोर बाहरू (मलेशिया): इयान ग्रोब्बेलार के दो गोल की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 2-1 से हराकर शनिवार को तीसरी बार सुल्तान जोहोर कप अंडर-21 हॉकी टूर्नामेंट का खिताब जीता। ग्रोब्बेलार ने पहले क्वार्टर के अंत से ठीक पहले 13वें मिनट में एक बेहतरीन ड्रैग फ्लिक से गोल करके ऑस्ट्रेलिया का खाता खोला। तीन बार की पूर्व चैंपियन भारत की टीम ने दूसरे क्वार्टर में अनमोल एक्का के शानदार प्रदर्शन से पलटवार किया। अनमोल ने 17वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर मैच को 1-1 से बराबर कर दिया।

तीसरा क्वार्टर गोलरहित समाप्त हुआ, जिससे अंतिम 15 मिनट तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। खेल के रोमांचक मोड़ पर पहुंचने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने तब मैच का 11वां पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया, जबकि मैच में केवल दो मिनट का समय बचा था। ग्रोब्बेलार ने इस पर अपना दूसरा गोल दागकर ऑस्ट्रेलिया की 2-1 से जीत सुनिश्चित कर दी।

भारत को अंतिम मिनट में लगातार छह पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वे इनका फायदा नहीं उठा सके। ऑस्ट्रेलिया के गोलकीपर मैग्नस मैककॉसलैंड ने ऐसे मौके पर शानदार प्रदर्शन किया और महत्वपूर्ण बचाव करके भारत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस जीत से ऑस्ट्रेलिया ने 2022 में भारत के खिलाफ फाइनल में मिली हार का बदला ही चुकता कर दिया। उसने इस टूर्नामेंट के फाइनल में लगातार तीन हार का सिलसिला भी तोड़ दिया और तीसरी बार यह टूर्नामेंट जीतने में सफल रहा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article