स्पोर्ट्स

SAI और BAI की मेहनत लाई रंग, विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप की तैयारियों पर चीनी दल ने जताया संतोष

भारत की मेजबानी में होने वाली बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप से पहले चीन के बैडमिंटन दल ने शनिवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में तैयारियों पर संतोष जताया है।

Image

बीडब्लूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 (फोटो क्रेडिट AI Generated)

नई दिल्ली:भारत में होने वाली बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप से पहले चीन के बैडमिंटन दल ने शनिवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में तैयारियों पर संतोष जताते हुए कहा कि यहां की परिस्थितियां इस साल की शुरुआत में हुए इंडिया ओपन की तुलना में काफी बेहतर हैं। मंगलवार से शुरू होने वाली विश्व चैंपियनशिप के सुचारु आयोजन के लिए आयोजकों ने स्टेडियम में व्यापक स्तर पर सुधार किए हैं। जनवरी में इंडिया ओपन के दौरान एचएस प्रणय और लोह कीन यू के बीच दूसरे दौर के मुकाबले में कबूतरों के दो बार कोर्ट में आने से खेल रोकना पड़ा था। इसके अलावा साफ-सफाई और दिल्ली की खराब वायु गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठे थे।

17 से 23 अगस्त के बीच होना है आयोजन

भारत में 17 साल बाद विश्व चैंपियनशिप की वापसी हो रही है और आयोजक 17 से 23 अगस्त तक होने वाले इस प्रतिष्ठित आयोजन को बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। इंडिया ओपन में हिस्सा ले चुकीं तोक्यो ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता और मौजूदा विश्व नंबर चार महिला एकल खिलाड़ी चेन यूफेई ने कहा कि स्टेडियम की स्थिति अब काफी बेहतर है। उन्होंने कहा कि चोट के कारण इस प्रतियोगिता की तैयारी के लिए ज्यादा अभ्यास नहीं किया। चेन ने कहा,'अभी मेरा ध्यान खुद पर भरोसा बनाए रखने और पिछले नतीजों के बारे में ज्यादा न सोचने पर है। परिस्थितियां अब काफी बेहतर हैं, हालांकि मौसम अभी भी मेरे लिए थोड़ा असहज है'

ली शिफेंग ने की आयोजन की सराहना

विश्व नंबर नौ और 2022 एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता पुरुष एकल खिलाड़ी ली शिफेंग ने भी आयोजन की तैयारियों की सराहना की। उन्होंने कहा, 'इंडिया ओपन की तुलना में कोर्ट की स्थिति, हवा के बहाव और मौसम समेत अन्य व्यवस्थाएं अच्छी तरह संभाली गई हैं और स्टेडियम भी बेहतर स्थिति में है। पिछले कुछ दिनों में मेरी तैयारी अच्छी रही है और मैं इस बड़े मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार हूं। मेरा ध्यान प्रतिद्वंद्वी पर केंद्रित रहने के बजाय अपनी रणनीति को सही तरीके से लागू करने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर है।'

इंडिया ओपन से अलग हैं स्थितियां

पेरिस ओलंपिक की पुरुष युगल रजत पदक विजेता जोड़ी और मौजूदा विश्व नंबर तीन लियांग वेइकेंग और वांग चांग ने भी कहा कि यहां की परिस्थितियां इंडिया ओपन से कुछ अलग हैं। दोनों ने बताया कि उनकी तैयारी अच्छी चल रही है और शनिवार को उनका अभ्यास सत्र भी काफी कड़ा रहा। उन्होंने कहा कि मौसम अच्छा है, लेकिन कोर्ट और परिस्थितियां इंडिया ओपन की तुलना में थोड़ी अलग हैं। विश्व नंबर तीन महिला एकल खिलाड़ी वांग झी यी ने भी स्टेडियम की मौजूदा स्थिति को बेहतर बताया। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि स्टेडियम में काफी बदलाव किया गया है, जो अच्छी बात है। मैंने अभी अभ्यास पूरा किया है और कोर्ट पर थोड़ी हवा महसूस हुई, इसलिए हमें इन परिस्थितियों का अभ्यस्त होना होगा।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article