स्पोर्ट्स

06 June 2023 सुर्खियां खेल की: हाइब्रिड मॉडल को तीन और देशों ने किया खारिज, सरनोबत ने जीता शूटिंग चैम्पियनशिप का खिताब

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated Jun 6, 2023, 05:35 PM IST

06 June 2023 सुर्खियां खेल की: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रस्तावित हाइब्रिड मॉडल को लेकर अब तीन और देशों ने खारिज कर दिया है। इसके बाद मेजबान पाकिस्तान सितंबर में होने वाले एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट से हट सकता है। वहीं, एशियाई खेलों की डिफेंडिंग चैंपियन राही सरनोबत ने शूटिंग चैंपियनशिप में महिला 25 मीटर पिस्टल इवेंट के खिताब पर कब्जा जमाया।

Image

पाकिस्तानी खिलाड़ी और राही सरनोबत। (फोटो- पाकिस्तान क्रिकेट और राही सरनोबत के ट्विटर से)

Photo : Twitter

06 June के खेल सुर्खियां की बात करें तो इस साल सितंबर में पाकिस्तान की मेजबानी में होने वाले एशिया कप टूर्नामेंट से पाकिस्तान हट सकता है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को तीन और देश श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश ने खारिज कर दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख नजम सेठी द्वारा प्रस्तावित हाइब्रिड मॉडल के अनुसार, पाक को एशिया कप के 3 या 4 मुकाबले स्वदेश में कराने थे, जबकि भारत के मुकाबले तटस्थ स्थल पर खेले जा सकते थे। वहीं, एशियाई खेलों की डिफेंडिंग चैंपियन राही सरनोबत ने शूटिंग चैंपियनशिप में महिला 25 मीटर पिस्टल इवेंट के खिताब पर कब्जा जमाया। इस बीच, सिंगापुर ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट का पहला दिन भारत के लिए अच्छा नहीं रहा है। दो बार की ओलंपिक मेडलस्ट पीवी सिंधु और मलेशिया मास्टर्स के खिताबी पर कब्जा जमाने वाले एचएच प्रणय पहले राउंड में हार का बाहर हो गए। वहीं, किदांबी श्रीकांत पहले राउंड में शानदार जीत हासिल करने के साथ अगले राउंड में जगह बनाई।

श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश ने इस मॉडल के खिलाफ

श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के प्रस्तावित ‘हाइब्रिड मॉडल’ को खारिज करने के बाद मेजबान पाकिस्तान सितंबर में होने वाले एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट से हट सकता है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख नजम सेठी द्वारा प्रस्तावित हाइब्रिड मॉडल के अनुसार पाकिस्तान को एशिया कप के तीन या चार मुकाबले स्वदेश में कराने थे, जबकि भारत के मुकाबले तटस्थ स्थल पर खेले जा सकते थे। भारत के सुरक्षा चिंताओं के कारण पाकिस्तान का दौरा करने से इनकार करने के बाद यह विचार पेश किया गया था। हालांकि, अब यह स्पष्ट हो गया है कि श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान सभी ने टूर्नामेंट को पाकिस्तान से बाहर आयोजित कराने के लिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) का समर्थन किया है।

सरनोबत ने जीती निशानेबाजी चैंपियनशिप

एशियाई खेलों की डिफेंडिंग चैंपियन राही सरनोबत ने यहां 21वीं कुमार सुरेंद्र सिंह मेमोरियल निशानेबाजी चैंपियनशिप में महिला 25 मीटर पिस्टल का खिताब जीता। महाराष्ट्र की राही ने सोमवार को 50 शॉट के फाइनल में 36 निशानों के साथ खिताब अपने नाम किया। उन्होंने तेलंगाना की ईशा सिंह को पछाड़ा जिन्होंने 31 निशाने लगाए। मेजबान राज्य की चिंकी यादव 28 हिट के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। राही क्वालीफिकेशन में भी 582 अंक के साथ शीर्ष पर रहीं थी। उत्तर प्रदेश की देवांशी धामा ने भी इतने ही अंक जुटाए थे लेकिन अंदरूनी 10 अंक पर एक कम निशाने के कारण वह दूसरे स्थान पर रहीं। ईशा ने 581 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

श्रीकांत जीते, सिंधू और प्रणय सिंगापुर ओपन से बाहर

किदांबी श्रीकांत ने मंगलवार को यहां दूसरे दौर में जगह बनाई लेकिन दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू और एचएस प्रणय सिंगापुर ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट के पहले दौर में विपरीत अंदाज में हार के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गए। विश्व चैंपियनशिप 2021 के रजत पदक विजेता श्रीकांत ने पुरुष एकल के पहले दौर में थाईलैंड के केंटाफोन वेंगचारोन को सीधे गेम में 21-15 21-19 से हराया। दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी श्रीकांत अगले दौर में चीनी ताइपे के चिया हाओ ली से भिड़ेंगे जिन्होंने जापान के केंटा निशिमोटो को हराया। गत चैंपियन सिंधू को दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी जापान की अकाने यामागुची को कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद एक घंटे से अधिक चले मुकाबले में तीन गेम में 21-18 19-21 17-21 से हार झेलनी पड़ी। वह पिछले हफ्ते थाईलैंड ओपन के भी पहले दौर में हार गईं थी। मलेशिया मास्टर्स के रूप अपना पहला बीडब्ल्यूएफ खिताब जीतने के बाद इस टूर्नामेंट में उतरे प्रणय के पास युवा कोडाई नेरोका की चुनौती का कोई जवाब नहीं था। जापान के तीसरे वरीय खिलाड़ी ने 56 मिनट चले मुकाबले में 21-15 21-19 से जीत दर्ज की।

कोको गॉफ क्वार्टर फाइनल में, स्वातेक से होगी भिड़ंत

कोको गॉफ ने एना केरोलिना श्मिडलोवा के खिलाफ सीधे सेट में जीत के साथ फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई जहां उनकी भिड़ंत गत चैंपियन इगा स्वातेक से होगी। छठी वरीय गॉफ ने श्मिडलोवा को 7-5, 6-2 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया। गॉफ बुधवार को क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीय स्वातेक से भिड़ेंगी, जिनके खिलाफ उनका रिकॉर्ड अच्छा नहीं है। पिछले साल फाइनल में रोलां गैरो में स्वियातेक के खिलाफ शिकस्त सहित गॉफ ने उनके खिलाफ अब तक सभी छह मुकाबले गंवाए हैं। इसी हाफ के दूसरे क्वार्टर फाइनल में सातवीं वरीय ओन्स जेब्युर की भिड़ंत 14वीं वरीय बीट्रिज हदाद माइया से होगी।

स्टुटगार्ट ने प्ले ऑफ में हैम्बर्ग को हराया

स्टुटगार्ट ने प्ले ऑफ का दूसरा चरण सोमवार को यहां 3-1 से जीतकर हैम्बर्ग एसवी की बुंदेसलीगा फुटबॉल टूर्नामेंट में वापसी की उम्मीद तोड़ दी। स्टुटगार्ट ने दो चरण का मुकाबला कुल 6-1 के स्कोर से जीता। सोमवार को सोनी किटेल ने हैम्बर्ग को बढ़त दिलाई लेकिन सिलास केटोम्पा ने स्कोर 1-1 कर दिया। एंजो मिलोट ने इसके बाद स्टुटगार्ट की ओर से दो गोल दागकर टीम की 3-1 से जीत सुनिश्चित की।

पैसा अच्छा है लेकिन 100 टेस्ट खेलना पसंद करूंगा

ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने कहा कि वह अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को लंबा खींचने के लिये काफी समय से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में हिस्सा नहीं ले रहे हैं क्योंकि वह 100 टेस्ट मैचों में अपने देश का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं। वनडे विश्व कप 2015 और टी20 विश्व कप 2021 जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के सदस्य रहे स्टार्क एक और आईसीसी खिताब जीतना चाहेंगे जब भारत और ऑस्ट्रेलिया बुधवार से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में खेलेंगे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के लिए आईपीएल के केवल दो सत्र खेलने वाले स्टार्क ने ‘क्रिकेट.कॉम.एयू’ से कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया के लिए लंबे समय तक खेलने के लिए कुछ चीजें नहीं करने का विकल्प चुनने के दौरान मैंने समझदार बनने की कोशिश की है।’ उन्होंने कहा, ‘हां, पैसा अच्छा है लेकिन मैं 100 टेस्ट मैच खेलना पसंद करूंगा। मुझे नहीं पता कि मैं वहां पहुंच पाऊंगा या नहीं लेकिन ऐसा करना अच्छा होगा। उम्मीद है कि मैं अभी थोड़ा समय खेल पाऊंगा।’

(भाषा इनपुट के साथ)

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article