भारत के पूर्व क्रिकेटर सौरव गांगुली की कार का एक्सीडेंट हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सौरव गांगुली की कार का एक्सीडेंट तब हुआ जब अपने काफिले के साथ दुर्गापुर एक्सप्रेसवे से गुजर रहे थे। सौरव गांगुली इस हादसे में बाल-बाल बच गए हैं।
सौरव गांगुली की कार को लॉरी से मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार सौरव गांगुली का काफिला जब दुर्गापुर एक्सप्रेसवे से गुजर रहा था, तब एक लॉरी अचानक से सामने आ गई, जिसके बाद आगे चल रही गाड़ी के ड्राइवर ने ब्रेक दबाया और फिर से गाड़ियां टकरातीं गईं। इसी एक गाड़ी में सौरव गांगुली भी सवार थे। हालांकि ड्राइवर की तत्परता से एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। कुछ गाड़ियों को नुकसान पहुंचने की बात कही जा रही है।
पुलिस ने क्या कहा
पुलिस ने बताया कि हादसा बृहस्पतिवार को दुर्गापुर एक्सप्रेसवे पर हुआ जब गांगुली कार में सफल कर रहे थे और एक तेज रफ्तार से आ रही लॉरी ने उसे ओवरटेक किया । पुलिस के एक अधिकारी ने बताया- ‘‘ लॉरी के अचानक आने से गांगुली की कार के ड्राइवर को अचानक ब्रेक लगाने पड़े जिससे उनके पीछे आ रहे उनके काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गई ।’’
गाड़ियों को नुकसान
पुलिस ने कहा कि एक वाहन गांगुली की कार से भी टकराया । दो गाड़ियों को मामूली नुकसान हुआ है । गांगुली बर्धवान यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे । उन्होंने कार्यक्रम में भाग भी लिया ।
