स्पोर्ट्स

5th Khelo India University Games: राजस्थान के सात शहरों में होगा खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन, इस दिन होगा आगाज

पांचवें खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेल का आयोजन 24 नवंबर से पांच दिसंबर तक राजस्थान के सात शहरों में होगा। इसका ऐलान केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने किया।

Image

खेल मंत्री मनसुख मांडविया (@mansukhmandviya X)

नई दिल्ली: पांचवें खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेल (केआईयूजी) 24 नवंबर से पांच दिसंबर तक राजस्थान के सात शहरों में आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान बीच वॉलीबॉल, कैनोइंग और कयाकिंग, साइकिलिंग और खो-खो को पहली बार इन खेलों के कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। प्रतियोगिताएं 23 पदक खेलों और एक प्रदर्शनी खेल (खो-खो) में आयोजित की जाएंगी।

इस साल की शुरुआत में बिहार में आयोजित खेलो इंडिया युवा खेलों की तरह विश्वविद्यालय खेल भी राजस्थान के सात शहरों जयपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा और भरतपुर में आयोजित किए जाएंगे। बारह दिन तक चलने वाले विश्वविद्यालय खेलों में 5,000 से अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने की उम्मीद है। खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा,'खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेल भारत के खेल पथ में एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। दुनिया भर में विश्वविद्यालय चैंपियन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और केआईयूजी हमारे युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने के लिए मंच प्रदान करता है।'

खेल मंत्री ने आगे कहा,'राजस्थान खेल भारत के बढ़ते खेल परिदृश्य को उजागर करेंगे और विश्व स्तर पर राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करने की आकांक्षा रखने वाले कई लोगों के लिए गौरव की ओर एक कदम होगा। माननीय प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के तहत खेलो इंडिया पहल ने एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र बनाया है जो भागीदारी, प्रतिभा विकास और उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करता है।'पदक वाले खेलों में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, मुक्केबाजी, तलवारबाजी, फुटबॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, मल्लखंब, रग्बी, निशानेबाजी, तैराकी, टेबल टेनिस, टेनिस, वॉलीबॉल, भारोत्तोलन, कुश्ती, योगासन, साइकिलिंग, बीच वॉलीबॉल, कैनोइंग और कयाकिंग शामिल हैं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article