स्पोर्ट्स

ARGENTINA vs SAUDI ARABIA: फीफा विश्व कप में बड़ा उलटफेर, सऊदी अरब ने अर्जेंटीना को हराया

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Nov 22, 2022, 05:56 PM IST

ARG vs KSA, FIFA WORLD CUP 2022: अर्जेंटीना और सऊदी अरब के बीच खेले गए फीफा विश्व कप 2022 के मुकाबले में मंगलवार को बड़ा उलटफेर हो गया। पूर्व विश्व चैंपियन और खिताब की प्रबल दावेदार अर्जेंटीना की टीम को सऊदी अरब ने 2-1 से मात दे दी। लियोनेल मेस्सी ने मैच में एक गोल किया लेकिन ये नाकाफी रहा।

Image

अर्जेंटीना को सऊदी अरब ने हराया (AP)

Argentina vs Saudi Arabia, FIFA WORLD CUP 2022: फीफा विश्व कप 2022 के तीसरे दिन ही बड़ा उलटफेर देखने को मिल गया। कतर में चल रहे फुटबॉल के इस सबसे बड़े टूर्नामेंट में पूर्व विश्व चैंपियन और खिताब की प्रबल दावेदार अर्जेंटीना को सऊदी अरब की टीम ने 2-1 से शिकस्त दे दी। मैच मेंं स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी ने एक गोल किया लेकिन ये नाकाफी साबित हुआ। फीफा विश्व रैंकिंग में अर्जेंटीना तीसरे स्थान पर है जबकि सऊदी अरब 51वें नंबर की टीम है।

मुकाबले की शुरुआत में ही अर्जेंटीनी टीम को तब बढ़त मिल गई जब 10वें मिनट में अर्जेंटीना को पेनल्टी मिली और उस पेनल्टी को उनके स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी ने गोल में तब्दील कर दिया। इसके बाद पहला हाफ पूरा अर्जेंटीनी टीम हावी दिखी और उन्होंने सऊदी अरब के अटैक को असफल करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

दूसरा हाफ शुरू हुआ तो सऊदी अरब का आक्रमण और तेज हो गया, नतीजतन 48वें मिनट में सलेह अलशेहरी ने शानदार गोल करते हुए सऊदी अरब को बराबरी दिला दी। स्कोर 1-1 हुआ और मैदान में मौजूद अरब के फैंस झूम उठे।

इसके बाद लगा कि अर्जेंटीना जल्द ही फिर बढ़त हासिल कर लेगी लेकिन ऐसा हुआ नहीं क्योंकि 53वें मिनट में सलेम अल्दावसरी ने गोल करके सऊदी अरब को 2-1 से आगे करके सबको चौंका दिया। अर्जेंटीनी टीम पिछड़ गई थी। इसके बाद अंतिम क्षणों तक अर्जेंटीना ने कई बार अटैक किया, कई बार वे गोल के करीब रहे लेकिन सऊदी अरब की डिफेंस लाइन और गोलकीपर ने पूरा जोर लगाते हुए कोई गोल नहीं होने दिया और एक ऐतिहासिक उलटफेर को अंजाम दिया।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article