स्पोर्ट्स

China Masters 2026: भारत के लिए मिला-जुरा रहा चौथा दिन, सेमीफाइनल में सात्विक-चिराग की जोड़ी तो श्रीकांत हुए बाहर

चीन मास्टर्स का चौथा दिन भारत के लिए मिला-जुला रहा। मेंस डबल्स में जहां उसे अच्छी खबर मिली तो वहीं मेंस सिंगल्स में उसे हार का सामना करना पड़ा। अनुभवी किदांबी श्रीकांत का अभियान क्वार्टर फाइनल में खत्म हो गया।

Image

चिराग शेट्टी सात्विक साईराज (साभार-X)

चीन मास्टर्स का चौथा दिन भारत के लिए मिला-जुला रहा। शुक्रवार को कहीं से अच्छी खबर आई तो कहीं भारत के हाथ निराशा लगी। भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी डेनमार्क के किम एस्ट्रुप और एंडर्स स्कारुप रासमुसेन के खिलाफ तीन गेम तक चले कड़े मुकाबले में जीत दर्ज कर जहां सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब रही तो वहीं अनुभवी किदांबी श्रीकांत का अभियान क्वार्टर फाइनल में खत्म हो गया। चौथी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने 70 मिनट तक चले मुकाबले में 21-13, 16-21, 21-18 से जीत हासिल की। अब सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी का सामना नूर मोहम्मद अजरिन और तान वी कियोंग की दुनिया की 29वें नंबर की मलेशियाई जोड़ी से होगा।

सात्विक और चिराग ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत करते हुए 5-1 की बढ़त बना ली। उन्होंने लगातार शानदार विनर्स लगाकर रैलियों पर नियंत्रण बनाए रखा। भारतीय जोड़ी ने अपनी आक्रामक लय बरकरार रखते हुए सात अंकों की बढ़त हासिल कर स्कोर 16-9 कर दिया और पहला गेम आसानी से अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में डेनमार्क की जोड़ी ने अपने खेल में तेजी दिखायी और भारतीय खिलाड़ियों के हर शॉट का बराबरी से जवाब दिया। स्कोर 15-15 से बराबर होने के बाद एस्ट्रुप और रासमुसेन ने लगातार दो मौकों पर तीन-तीन अंक जुटाकर छह अंकों की निर्णायक बढ़त बनाई और मुकाबले को तीसरे गेम तक पहुंचा दिया।

फिर तीसरा गेम बेहद रोमांचक रहा और दोनों जोड़ियों ने एक-दूसरे को जरा भी बढ़त नहीं लेने दी। 17-17 के स्कोर पर मुकाबला पूरी तरह बराबरी पर था, लेकिन निर्णायक क्षणों में सात्विक और चिराग ने शानदार संयम दिखाया।

उन्होंने लगातार तीन महत्वपूर्ण अंक जीतकर 20-17 की बढ़त बना ली। एक अंक गंवाने के बाद भी भारतीय जोड़ी ने धैर्य बनाए रखा और मैच अपने नाम कर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

श्रीकांत का सफर हुआ खत्म

दुनिया के पूर्व नंबर एक भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी श्रीकांत का सफर क्वार्टर फाइनल में हांगकांग के ली चेक यियू से सीधे गेम में मिली हार से समाप्त हो गया।

इस 33 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी को 39 मिनट तक चले मुकाबले में दुनिया के 25वें नंबर के खिलाड़ी ली चेक से 16-21, 16-21 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। श्रीकांत ने इस साल की शुरुआत में अमेरिकी ओपन सुपर 300 में उपविजेता रहते हुए फॉर्म में वापसी की झलक दिखाई थी। अब सेमीफाइनल में ली चेक का सामना फ्रांस के दूसरे नंबर पर काबिज क्रिस्टो पोपोव से होगा।

श्रीकांत ने पिछले दौर में शानदार प्रदर्शन किया था, उन्होंने राउंड 16 में कनाडा के दुनिया के नौवें नंबर के खिलाड़ी विक्टर लाई को 21-18, 21-19 से हराया था।

लेकिन ली चेक के खिलाफ उन्हें लंबे समय तक मुकाबले में वापसी के लिए संघर्ष करना पड़ा, खासकर तब जब पहले गेम के बीच में उन्होंने अपनी बढ़त और लय गंवा दी। श्रीकांत ने तेज शुरुआत करते हुए 3-0 की बढ़त बना ली, लेकिन ली चेक ने जल्द ही अपनी लय हासिल कर ली। हांगकांग के खिलाड़ी ने लगातार तीन अंक लेकर स्कोर 3-3 से बराबर किया और फिर छह अंकों की शानदार बढ़त बनाते हुए स्कोर 14-6 कर दिया।

श्रीकांत ने वापसी की कोशिश की, लेकिन अंतर काफी बड़ा हो चुका था। ली चेक ने धैर्य बनाए रखा और पहला गेम अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में मुकाबला काफी कड़ा रहा। श्रीकांत ने एक बार फिर आक्रामक शुरुआत करते हुए 4-0 की बढ़त बनाई, लेकिन ली चेक ने लगातार अंक हासिल कर स्कोर 4-4 से बराबर कर दिया। इसके बाद रैलियां लंबी होती गईं और दोनों खिलाड़ियों के बीच अंतर बेहद कम रहा। बढ़त कई बार बदली और दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देते हुए 15-15 तक पहुंच गए।

जब ऐसा लगा कि श्रीकांत जीत के करीब पहुंच रहे हैं, तभी ली चेक ने अपनी गति बढ़ा दी। उन्होंने लगातार तीन अंक हासिल कर 18-15 की बढ़त बना ली और इसके बाद तीन और अंक लगातार जीतकर मुकाबला सीधे गेम में समाप्त कर दिया। तीस वर्षीय ली चेक ने मई में सिंगापुर ओपन में भी शानदार प्रदर्शन किया था जिसमें उन्होंने मुश्किल स्थिति से वापसी करते हुए ऑल इंग्लैंड चैंपियन लिन चुन-यी को हराया था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article