स्पोर्ट्स

BWF Player of The Year: साल के सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार के लिए इस भारतीय जोड़ी का नाम नामित

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 21, 2023, 11:02 PM IST

BWF Player of The Year: बैडमिंटन विश्व महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) के साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार के लिए भारतीय बैडमिंटन जोड़ी का नाम नामित किया गया है। बता दें कि भारतीय जोड़ी ने इस साल कई खिताब जीते हैं, जिसमें चीन के हांगझोउ में एशियाई खेलों का एतिहासिक गोल्ड मेडल भी शामिल है।

Image

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी। (फोटो- BAI Twitter)

Photo : Twitter

BWF Player of The Year: भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ियों सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को बैडमिंटन विश्व महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) के साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार के लिए नामित किया गया। सात्विक और चिराग की पुरुष युगल जोड़ी ने हाल में कई खिताब जीते हैं जिसमें चीन के हांगझोउ में एशियाई खेलों का एतिहासिक गोल्ड मेडल भी शामिल है।

सात्विक और चिराग ने इससे पहले 2022 राष्ट्रमंडल खेलों का भी स्वर्ण पदक जीता जबकि वह 2022 थॉमस कप में खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे। उन्होंने 2022 विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक भी जीता। इस भारतीय जोड़ी ने इसके अलावा पिछले एक साल में एशिया चैंपियनशिप, इंडोनेशिया सुपर 1000, कोरिया सुपर 500 और स्विस ओपन सुपर 300 जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट भी जीते।

सत्र के सबसे शानदार खिलाड़ियों को 11 दिसंबर को हांगझोउ में बीडब्ल्यूएफ के प्रतिष्ठित साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार से नवाजा जाएगा। पुरस्कार समारोह का आयोजन वार्षिक बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स के दौरान किया जाएगा।

कुल आठ वर्ग में पुरस्कार दिए जाएंगे जिसमें तीन पैरा बैडमिंटन वर्ग में हैं। बीडब्ल्यूएफ परिषद नामित खिलाड़ियों के नाम को स्वीकृति देगी। इनका चयन एक नवंबर 2022 से 31 अक्टूबर 2023 तक के प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।

इसके अलावा ‘एडी चोंग मोस्ट प्रॉमिसिंग प्लेयर’ के नाम की घोषणा सीधे समारोह के दिन होगी। बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स का आयोजन 13 से 17 दिसंबर तक हांगझोउ ओलंपिक स्पोर्ट्स सेंटर जिम्नेजियम में किया जाएगा।

End of Article