शहर

बिहार में प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस की पूरी तैयारी, सड़कों पर उतरे नए दमदार वाटर कैनन

Bihar Government Water Canon: बिहार में बढ़ते प्रदर्शनों से निपटने के लिए नीतीश सरकार ने पुलिस को अत्याधुनिक हथियारों और वाहनों से लैस करने का फैसला किया है। हाल ही में कैबिनेट में 30 नए वाटर कैनन और 86 वज्र वाहनों की खरीद को मंजूरी दी गई थी, जिनकी कुल लागत 62.52 करोड़ रुपये है।

Image

कैबिनेट के फैसले के बाद पटना की सड़कों पर ट्रायल शुरू

Photo : Times Now Digital

Bihar Government Water Canon: बिहार में लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों और राजनीतिक आंदोलनों को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस बल को आधुनिक और हाई-टेक सुविधाओं से लैस करने के लिए सरकार ने हाल ही में बड़े पैमाने पर नए वाहन खरीदने का फैसला किया था। इसी कड़ी में अब आधुनिक सुविधाओं से लैस नए वाटर कैनन पटना पहुंच चुके हैं और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा इनका ट्रायल भी शुरू कर दिया गया है। राजधानी के विभिन्न इलाकों में इन नए वाहनों को सड़क पर उतारकर उनकी कार्यक्षमता की जांच की जा रही है।

बीते 30 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बिहार कैबिनेट की बैठक में इन सुरक्षा वाहनों की खरीद पर मुहर लगी थी। योजना के तहत राज्य सरकार कुल 30 अत्याधुनिक वाटर कैनन खरीद रही है, जिस पर लगभग 26.40 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस हिसाब से एक वाटर कैनन की कीमत करीब 88 लाख रुपये है। इसके अलावा, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 86 नए 'वज्र' एंटी-रायट वाहन भी खरीदे जा रहे हैं, जिनकी लागत 36.12 करोड़ रुपये है। इन दोनों प्रस्तावों को मिलाकर सरकार ने कुल 62.52 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है।

1600 फीट तक कर सकते हैं पानी की तेज बौछार

खास बात यह है कि पुलिस के बेड़े में शामिल किए जा रहे ये नए वाटर कैनन पुराने वाहनों के मुकाबले बेहद आधुनिक और शक्तिशाली हैं। इनकी मारक क्षमता और तकनीकी विशेषताएं काफी उन्नत हैं। जानकारी के मुताबिक, इन अत्याधुनिक वाहनों के जरिए करीब 1600 फीट की दूरी तक पानी की तेज बौछार छोड़ी जा सकती है। इसके अलावा, इनमें 30,000 लीटर की बड़ी क्षमता वाला वाटर टैंक भी दिया गया है।

पुलिस प्रशासन को भीड़ को काबू करने में काफी मदद की उम्मीद

राजधानी पटना की सड़कों पर चल रहे सफल ट्रायल के बाद इन अत्याधुनिक वाटर कैनन को औपचारिक रूप से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और उग्र प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए तैनात किया जाएगा। सरकार के इस कदम से पुलिस प्रशासन को भीड़ को काबू करने में काफी मदद मिलने की उम्मीद है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article