स्पोर्ट्स

सौरभ की स्पिन का चल गया जादू! 79 रनों पर सौराष्ट्र टीम हुई ढेर, ईरानी कप शेष भारत के नाम

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 3, 2023, 06:32 PM IST

मैच के परिणाम में पहली पारी के प्रदर्शन ने अहम भूमिका निभाई। शेष भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 308 रन बनाए थे जिसके जवाब में सौराष्ट्र की टीम 214 रन पर आउट हो गई। खेल आगे बढ़ाने के साथ पिच बल्लेबाजों के लिए कब्रगाह बनती गई जिस पर दोनों टीम के बल्लेबाजों को स्पिनरों को खेलने में परेशानी हुई।

Image

जीत के बाद टूर्नामेंट के खिताब के साथ पूरी शेष भारत की टीम।

Photo : टाइम्स नाउ ब्यूरो

बाएं हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार की अगुवाई में शेष भारत के गेंदबाजों ने अनुकूल परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाकर सौराष्ट्र को मंगलवार को यहां दूसरी पारी में 79 रन पर ढेर करके अपनी टीम को तीसरे दिन ही 175 रन से बड़ी जीत के साथ ईरानी कप क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब दिलाया। शेष भारत ने पहली पारी में 94 रन की बढ़त लेने के बाद स्पिनरों के लिए अनुकूल पिच पर अपनी दूसरी पारी में 160 रन बनाकर सौराष्ट्र के सामने जीत के लिए 255 रन का लक्ष्य रखा। चेतेश्वर पुजारा और शेल्डन जैकसन जैसे अनुभवी बल्लेबाजों की मौजूदगी वाली सौराष्ट्र की टीम हालांकि 34.3 ओवर में 79 रन पर सिमट गई जो ईरानी कप में न्यूनतम स्कोर है।

पहली पारी में 29 रन बनाने वाले पुजारा दूसरी पारी में केवल सात रन बनाकर पगबाधा आउट हो गए जबकि शेल्डन जैकसन (03) ने खराब शॉट खेल कर अपना विकेट गंवाया। सौराष्ट्र के केवल चार बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे। इनमें आठवें नंबर के बल्लेबाज धर्मेंद्र सिंह जडेजा ने सर्वाधिक 21 रन बनाए। कुमार ने 43 रन देकर छह विकेट लिए और इस तरह से मैच में 10 विकेट लेने का कारनामा किया। उन्होंने पहली पारी में 65 रन देकर चार विकेट हासिल किए थे। उनके अलावा शम्स मुलानी ने 22 रन देकर तीन विकेट लिए। एक विकेट पुलकित नारंग को मिला।

मैच के परिणाम में पहली पारी के प्रदर्शन ने अहम भूमिका निभाई। शेष भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 308 रन बनाए थे जिसके जवाब में सौराष्ट्र की टीम 214 रन पर आउट हो गई। खेल आगे बढ़ाने के साथ पिच बल्लेबाजों के लिए कब्रगाह बनती गई जिस पर दोनों टीम के बल्लेबाजों को स्पिनरों को खेलने में परेशानी हुई। सौराष्ट्र ने सुबह अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 212 रन से आगे बढ़ाई लेकिन केवल दो रन जोड़कर उसके बाकी बल्लेबाज भी पवेलियन लौट गए।

शेष भारत की टीम भी अपनी दूसरी पारी में मयंक अग्रवाल (49) और साइ सुदर्शन (43) से मिली अच्छी शुरुआत के बावजूद 160 रन पर आउट हो गई। उसने आखिरी नौ विकेट 43 रन के अंदर गंवाए। सौराष्ट्र की तरफ से पार्थ भुत ने 53 रन देकर सात जबकि धर्मेंद्र जडेजा ने 65 रन देकर तीन विकेट लिए। पार्थ ने पहली पारी में 94 रन देकर पांच विकेट लिए थे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article