क्रिकेट

सूर्यवंशी के दोहरा शतक जड़ने में युवराज सिंह का हाथ, वैभव ने खुद किया खुलासा

वैभव सूर्यवंशी ने खराब फॉर्म में अपने आइडल युवराज सिंह से सलाह ली और UAE के खिलाफ 53 गेंद पर रिकॉर्ड तोड़ 204 रन बनाये। इस तूफानी पारी ने इंडिया A को राइजिंग स्टार्स एशिया कप के सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। युवराज से टिप्स लेने वाली बात का खुलासा खुद वैभव ने किया है।

Image

वैभव सूर्यवंशी ने की थी युवराज सिंह से बात। फोटो- BCCI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। युवराज सिंह के साथ 30 मिनट की बातचीत ने वैभव सूर्यवंशी को अपनी बैटिंग की चिंताओं को पीछे छोड़ने में मदद की। इसके बाद 15 साल के इस खिलाड़ी ने लिस्ट A क्रिकेट की सबसे शानदार पारियों में से एक खेली। राइजिंग स्टार्स एशिया कप के अपने पहले दो मैचों में रन बनाने में नाकाम रहने के बाद, सूर्यवंशी ने मंगलवार को दोहा में संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ सिर्फ 53 गेंद पर 204 रन बनाए, जिसमें रिकॉर्ड 28 छक्के लगाए, जिससे इंडिया A ने सिर्फ 14.2 ओवर में 250 रन का टारगेट हासिल कर लिया।

डोमेस्टिक क्रिकेट में नाकाम रहने के बाद नेपाल और पाकिस्तान के खिलाफ वैभव का बल्ला नहीं चला। मुश्किलों ले घिरे वैभव सूर्यवंशी जवाब ढूंढ रहे थे। UAE मैच से पहले, उसने चार लोगों से बात की जिन पर उसे भरोसा था, इसमें उनके पिता, बचपन के कोच मनीष ओझा, अंडर-19 टीम के साथी प्रथम जनचक और आइडल युवराज सिंह। बुधवार को BCCI द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में सूर्यवंशी ने बताया कि भारत के पूर्व ऑलराउंडर के साथ उनकी बातचीत करीब 30 मिनट तक चली।

'आधे घंटे की बात'

सूर्यवंशी ने कहा, मैंने उनसे करीब आधे घंटे तक बात की। उन्होंने मुझे बहुत सी बातें बताईं और बैटिंग की कुछ बातों को समझने में मेरी मदद की। क्योंकि मैं काफी परेशान था। बैटिंग करते समय मुझे जो दिक्कतें आ रही थीं, मैंने उनसे खुलकर बात की और उन्हें सब कुछ समझाया। उन्होंने उन 30 मिनटों में मुझे बहुत सी बातें बड़े आराम से समझाईं। उन्होंने मुझे यह भी बताया कि अगर मैं बेसबॉल खेलता, तो मेरा स्कोर अलग होता! इसके अलावा, उन्होंने खेल के कई टेक्निकल पहलू शेयर किए, जिनसे आज मुझे बहुत मदद मिली।

युवराज ने की मदद

सूर्यवंशी अपनी बैटिंग पर असर डालने वाली गलतियों को समझने के लिए उत्सुक थे। युवराज ने उनकी चिंताएं सुनीं और उन खास टेक्निकल एरिया की ओर इशारा किया, जिन पर ध्यान देने की जरूरत थी। बाद में इस युवा खिलाड़ी ने अपनी पिछली इनिंग्स के वीडियो देखे और उन कमियों को पहचाना जिनके बारे में उनके आइडल ने बात की थी।

उन्होंने कहा, मैंने युवराज सिंह से बात की, जो हमेशा से मेरे आइडल रहे हैं। बेशक, जब आप अपने आइडल से बात करते हैं, तो आप उनकी हर बात बहुत ध्यान से सुनते हैं। मैंने उनकी सभी सलाह पर पूरा ध्यान दिया और उन्होंने कई खास बातें बताईं। बाद में, जब मैंने अपनी बैटिंग के वीडियो देखे, तो मुझे एहसास हुआ कि मैं वे गलतियां कर रहा था। इसलिए, आज, मैंने उन्हें ठीक करने और उनके द्वारा बताई गई एक-दो बातों को लागू करने की कोशिश की।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 8 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article