स्पोर्ट्स

भारतीय बैडमिंटन स्टार PV Sindhu ने पेरिस ओलंपिक 2024 के नॉकआउट राउंड में प्रवेश किया

PV Sindhu in Paris Olympics 2024: रियो ओलंपिक में रजत और तोक्यो में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू ने अब पेरिस ओलंपिक 2024 में भी अपना दबदबा कायम रखा है और नॉकआउट राउंड में जगह पक्की कर ली है।

Image

पीवी सिंधू (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • पेरिस ओलंपिक 2024, बैडमिंटन चैंपियनशिप
  • पीवी सिंधू ने नॉकआउट राउंड में जगह बनाई
  • दो बार की ओलंपिक पदक विजेता हैं सिंधू

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधू ने पेरिस ओलंपिक की महिला एकल स्पर्धा में एस्तोनिया के क्रिस्टीन कूबा को सीधे गेमों में 21-5, 21-10 से हराकर नॉकआउट दौर में प्रवेश कर लिया। रियो ओलंपिक में रजत और तोक्यो में कांस्य पदक जीतने वाली सिंधू ने यह एकतरफा मुकाबला 33 मिनट में जीता।

इससे पहले उन्होंने ग्रुप एम के पिछले मैच में मालदीव की फातिमा अब्दुल रज्जाक को 21-9, 21-6 से हराया था । सभी 16 ग्रुप से शीर्ष खिलाड़ी प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचते हैं। पहले मैच की ही तरह सिंधू को इस मुकाबले में ज्यादा पसीना नहीं बहाना पड़ा । विश्व रैंकिंग में 73वें स्थान पर काबिज एस्तोनिया की खिलाड़ी 13वीं रैंकिंग वाली भारतीय का सामना नहीं कर सकी । सिंधू ने पहला गेम 14 मिनट में जीता।

दूसरे गेम में कूबा ने चुनौती पेश की लेकिन सिंधू ने हर वार का माकूल जवाब दिया । कूबा ने 2-0 की बढ़त बनाई लेकिन सिंधू ने जल्दी ही बराबरी कर ली । इसके बाद लंबी रेलियां चली और एक समय सिंधू को पूरा नेट कवर करके दौड़ना पड़ा और कूबा ने शटल उनकी पहुंच से बाहर फेंकी ।

इसके बाद सिंधू ने अपने अनुभव का पूरा इस्तेमाल करके क्रॉसकोर्ट स्मैश से 15-6 से बढ़त बना ली और इसके बाद कूबा को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article