स्पोर्ट्स

FIFA Club World Cup: लियोनेल मेस्सी की इंटर मियामी को 4-0 से हराकर PSG क्वार्टर फाइनल में

FIFA Club World Cup: जोआओ नेवेस ने पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) के लिए दो गोल किए जिससे चैंपियंस लीग के चैंपियन ने विश्व के महानतम खिलाड़ियों में से एक लियोनेल मेस्सी की अगुवाई वाली इंटर मियामी को 4-0 से हराकर शान से क्लब विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

Image

लियोनेल मेस्सी

Photo : AP

जोआओ नेवेस ने पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) के लिए दो गोल किए जिससे चैंपियंस लीग के चैंपियन ने विश्व के महानतम खिलाड़ियों में से एक लियोनेल मेस्सी की अगुवाई वाली इंटर मियामी को 4-0 से हराकर शान से क्लब विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

मेस्सी उस टीम का सामना कर रहे हैं, जहां उन्होंने अपने शानदार करियर के अंतिम चरण में मेजर लीग सॉकर में जाने से पहले दो सत्र बिताए थे। अटलांटा के मर्सिडीज बेंज स्टेडियम में 65,574 दर्शकों के अपार समर्थन के बावजूद अर्जेंटीना का स्टार खिलाड़ी कुछ कमाल नहीं कर पाया और उनकी टीम को बड़ी पराजय का सामना करना पड़ा।

नेवेस ने मैच के छठे मिनट में अपना पहला गोल दागा। पुर्तगाल के इस मिडफील्डर ने 39वें मिनट में एक और गोल किया। इंटर मियामी पहले हाफ के अंतिम चरण में पूरी तरह से बिखर गया और उसने आत्मघाती गोल कर दिया। अचरफ हकीमी ने स्टॉपेज टाइम में एक और गोल करके पीएसजी को मध्यांतर से पहले चार गोल की बढ़त दिला दी।

पीएसजी की इस जीत ने एक महीने पहले खेले गए चैंपियंस लीग के फाइनल की याद ताजा कर दी जब फ्रांस के इस क्लब ने इंटर मिलान को 5-0 से हराकर पहली बार यूरोपीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।

क्वार्टर फाइनल में पीएसजी का मुकाबला शनिवार को अटलांटा में बायर्न म्यूनिख से होगा। जर्मन क्लब ने अंतिम 16 के एक अन्य मैच में ब्राजील के फ्लेमेंगो को 4-2 से हराया।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article