स्पोर्ट्स

PSG, UEFA Champions League Champion: पीएसजी ने रचा इतिहास, इंटर मिलान को फाइनल में रौंदकर पहली बार जीता खिताब

PSG ने शनिवार रात म्यूनिख में खेले UEFA चैंपियंस लीग के फाइनल मुकाबले में इंटर मिलान को 5-0 के अंतर से करारी मात देकर पहली बार खिताब अपने नाम कर लिया। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।

Image

पीएसजी यूएफा चैंपियंस लीग चैंपियन

म्यूनिख: पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) ने शनिवार रात म्यूनिख के एलियांज एरिना में खेले गए खिताबी मुकाबले में इंटर मिलान को 5-0 के अंतर से करारी मात देकर पहली बार UEFA चैंपियंस लीग खिताब अपने नाम करके इतिहास रच दिया। ये हाल कि दिनों में फुटबॉल जगत में किसी भी टीम की फाइनल में सबसे बड़ी जीत है। इस तरह एकतरफा अंदाज में किसी टीम ने फाइनल में जीत हासिल नहीं की थी। 19 वर्षीय फ्रांसीसी फॉरवर्ड डेजायर डू फाइनल में पीएसजी की जीत के हीरो रहे। उन्होंने पांच में से दो गोल किए और एक गोल करने में सहयोग किया।

डेजायर डू ने किए दो गोल

पीएसजी का मैच में दबदबा देखने को मिला। मैच में पहला गोल अचरफ हकीमी ने 12वें मिनट में किया और पीएसजी को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद 20वें मिनट में डेजायर डू ने एक डिफलेक्शन को गोल में तब्दील करके बढ़त को दोगुना कर दिया। हाफ टाइम में पीएसजी ने 2-0 की बढ़त इंटर मिलान के खिलाफ बना ली थी।

ख्विचा क्वारात्सखेलिया ने किया चौथा गोल

माना जा रहा था कि इंटर मिलान की टीम सेकेंड हाफ में जवाबी हमला करेगी। लेकिन हुआ इसके उलट। शानदार प्रदर्शन करते हुए डेजायर डू ने 63वें मिनट में एक और गोल करके पीएसजी को 3-0 की बढ़त दिला दी। दस मिनट बाद 73वें मिनट में उस्मान डेम्बले के बेहतरीन पास को ख्विचा क्वारात्सखेलिया ने मिलान के गोल पोस्ट पर भेजकर अपनी टीम को 4-0 से आगे कर दिया।

इंटर मिलान को मिली शर्मनाक हार

पीएसजी ने खिताब तकरीबन अपने नाम कर लिया था। ऐसे में सब्स्टीट्यूट प्लेयर के रूप में खेलने उतरे सेनी मायुलू ने 87वें मिनट में गोल करके पीएसजी को 5-0 से आगे कर दिया और अंत में टीम की ऐतिहासिक और यादगार जीत दिला दी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article