PM Modi Talk Aman Sehrawat: पेरिस ओलंपिक में भारत को 57 किलोग्राम भारवर्ग में ब्रॉन्ज मेडल दिलाने वाले अमन सहरावत को पीएम मोदी ने फोन कर बधाई दी। अमन ने रेपचेज में हुए ब्रॉन्ज मेडल मैच में प्यूर्टो रिको के रेसलर डेरियन क्रूज को 13-5 से हराकर पेरिस ओलंपिक में भारत को छठा मेडल दिलाया था। वह ओंलंपिक में पदक जीतने वाले भारत की ओर से सबसे युवा रेसलर हैं। उनकी इस उपलब्धि पर पीएम मोदी ने उनसे फोन पर बात की।
बातचीत के दौरान अमन बेहद खुश नजर आए और सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं के लिए उन्होंने पीएम का शुक्रिया अदा किया। पीएम मोदी ने अमन के समर्पण की तारीफ करते हुए कहा कि बहुत कम खिलाड़ी होते हैं जो छत्रसाल स्टेडियम को ही अपना घर बना लें। 11 साल की उम्र में अपने माता-पिता को खोने वाले अमन छत्रसाल स्टेडियम में रहते हैं और देश के सपने को पूरा करने के लिए दिन-रात कड़ी मेहनत करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि आप रेसलिंग में मेडल लाने वाले सबसे छोटे हैं। देश को आपसे प्रेरणा लेना चाहिए। आप देश को खुशियों से भर देंगे। अमन ने उनसे कहा कि 2028 में वह गोल्ड जीतने की पूरी कोशिश करेंगे। पीएम मोदी ने उन पर भरोसा जताते हुए कहा कि मुझे पूरा यकीन है कि आप सफल होंगे। मां-बाप को खोने के बाद आपने अपने जीवन में संघर्ष किया। बहुत ही प्रेरक जीवन है आपका। आप इसी तरह डंटे रहें। आप लोग कितनी मेहनत करते हो। रजाई ओढ़कर सोने का मन हो फिर भी मैदान में जाकर मेहनत करते हो और तब यहां तक पहुंचते हो।
