स्पोर्ट्स

पीएम मोदी ने की कांस्य पदक विजेता हॉकी टीम से बात, कहा-हो गई है हॉकी के स्वर्णिम युग के वापसी की शुरुआत

पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम को फोन करके पीएम मोदी ने बधाई देते हुए कहा है कि हॉकी टीम को स्वर्णिम युग की वापसी की शुरुआत हो गई है।

Image

पीएम मोदी से बात करते हुए कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम

KEY HIGHLIGHTS
  • पीएम मोदी ने फोन करके दी हॉकी टीम को कांस्य पदक जीत की बधाई
  • कहा- हो गई है हॉकी में स्वर्णिम युग की वापसी की शुरुआत
  • इस उपलब्धि को आने वाली पीढ़ियां रखेंगी याद

पेरिस: भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में स्पेन को मात देकर लगातार दूसरी बार कांस्य पदक अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम 52 साल लंबे अंतराल के बाद ओलंपिक खेलों में लगातार दो पदक जीतने में सफल हुई है। टोक्यो ओलंपिक में जीते कांस्य पदक को हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय टीम बचाने में सफल हुई। टीम इंडिया के कांस्य पदक पक्का करने के बाद सोशल मीडिया पर उनके लिए बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई।

आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी ये उपलब्धि

पीएम मोदी ने ट्वीट करके हॉकी टीम को कांस्य पदक जीत पर बधाई दी। उन्होंने लिखा, एक ऐसी उपलब्धि जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी। भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। यह और भी खास है क्योंकि यह ओलंपिक में उनका लगातार दूसरा पदक है। उनकी सफलता कौशल, दृढ़ता और टीम भावना की जीत है। उन्होंने बहुत हिम्मत और लचीलापन दिखाया। खिलाड़ियों को बधाई। हर भारतीय का हॉकी से भावनात्मक जुड़ाव है और यह उपलब्धि हमारे देश के युवाओं के बीच इस खेल को और भी लोकप्रिय बनाएगी।

हरमनप्रीत सिंह को सरपंच साहब कहकर किया संबोधित

इसके कुछ देर बाद पीएम मोदी ने फोन करके भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों से बात की। उन्होंने कप्तान हरमनप्रीत सिंह को सरपंच साहब कहकर संबोधित किया तो टीम के खिलाड़ियों के बीच ठहाके गूंज उठे। पीएम मोदी ने कप्तान हरमनप्रीत से कहा, आपको और आपकी टीम को बहुत बधाई। आपने देश का नाम रोशन किया। आपको याद होगा मैंने टोक्यो में कहा था कि आपने पराजय की पूरी श्रृंखला को तोड़ा है। आपके नेतृत्व में आपकी टीम के पूरे प्रयासों से इस बार भी हमने प्रगति की है और मुझे पक्का विश्वास हो गया है कि हॉकी का वो जो पुराना स्वर्णिम काल था फिर से आपलोग वापस लेकर आएंगे।

श्रीजेश को दी नई टीम तैयार करने की जिम्मेदारी

पीआर श्रीजेश से बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा, आपने जीत के बाद संन्यास का ऐलान कर दिया है लेकिन आपको नई टीम तैयार करनी होगी। मैं एक बात जरूर कहना चाहूंगा कि ब्रिटेन के खिलाफ आपकी लड़ाई को हॉकी समझने वाला हिंदुस्तान का हर एक बच्चा याद रखेगा कि कैसे आप 10 खिलाड़ियों के साथ खेले और जीते। इसे एक उदाहरण के रूप में माना जाएगा। जब कभी दुनिया हॉकी में चर्चा होगी तब आपके क्वार्टर फाइनल मैच की जरूर चर्चा होगी। मुझे अच्छी टीम स्पिरिट दिखाई दी। देश का आपके ऊपर बहुत गर्व हो रहा है। मेरी ओर से आप सभी को बहुत बहुत बधाई।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article