नई दिल्ली: यूपी योद्धाज ने स्टार डिफेंडर सुमित सांगवान को आगामी प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 12वें सत्र के लिए कप्तान और आशु सिंह को उप-कप्तान नियुक्त किया।
सुमित (26) और आशु (27) दोनों ने सातवें सत्र में युवा खिलाड़ियों के रूप में यूपी योद्धाज के साथ अपनी यात्रा शुरू की थी। तब से दोनों टीम के रक्षात्मक ढांचे के स्तंभ बन गए हैं।
शानदार डिफेंडर हैं सुमित सांगवान
सुमित सांगवान अपनी चपलता, टाइमिंग और रणनीतिक ज्ञान के लिए मशहूर हैं। वह पिछले कुछ सत्र से लगातार लीग के शीर्ष डिफेंडरों में शुमार रहे हैं। एक अन्य दिग्गज खिलाड़ी आशु मुख्य रूप से कवर डिफेंडर के रूप में खेल रहे हैं। उन्होंने दबाव में अपने संयम से प्रभावित किया है। वहीं तमिल थलाइवाज ने पवन सहरावत को अपना कप्तान और अर्जुन देशवाल को उप कप्तान नियुक्त किया है।
पटना पाइरेट्स ने बनाया अंकित जागलान को कप्तान
वहीं पटना पाइरेट्स ने अंकित जगलान को अपना कप्तान और दीपक सिंह को उप कप्तान बनाया है। टीम सत्र के अपने पहले मैच में यूपी योद्धाज का सामना करने के लिए तैयार है। दोनों के बीच 1 सितंबर को राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में भिड़ंत होगी। पीकेएल के 12वें सीजन की शुरुआत 29 अगस्त को तेलुगु टाइटन्स और तमिल थलाइवाज के बीच मुकाबले के साथ होगी।
(भाषा)
