स्पोर्ट्स

PKL 12: हरियाणा स्टीलर्स ने यू मुंबा के खिलाफ दर्ज की रोमांचक जीत, टाई ब्रेकर से हुआ हार-जीत का फैसला

प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन में हरियाणा स्टीलर्स ने यू मुंबई को एक रोमांचक और दिलचस्प मुकाबले में पटखनी देकर सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की।

Image

हरियाणा स्टीलर्स बनाम यू मुंबा(फोटो क्रेडिट PKL)

विशाखापट्टनम: प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन में हरियाणा स्टीलर्स ने यू मुंबई को एक रोमांचक और दिलचस्प मुकाबले में पटखनी देकर सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की।विशाखापट्टनम के विश्वनाथ स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया मुकाबला टाई-ब्रेकर तक गया। लीग के मौजूदा सीजन का यह बारहवां मुकाबला था और सीजन में तीसरी बार टाई-ब्रेकर देखने को मिला। अजीत चौहान के धमाकेदार सुपर टेन और नवीन कुमार की गेम-चेंजिंग सुपर रेड इस मैच का मुख्य आकर्षण रहे। अंत में शिवम पटारे की जबरदस्त रेड ने स्टीलर्स को जीत दिलाई।

यू मुंबई ने मैच में जोरदार शुरुआत की। अजीत चौहान ने पहली ही रेड में स्कोर बनाया और टीम ने 5-0 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद टीम ने लगातार मजबूत टैकल करते हुए स्टीलर्स को दबाव में ला दिया। छह मिनट के भीतर स्टीलर्स को पहला ऑल आउट झेलना पड़ा और वे 2-12 से पिछड़ गए। यह इस सीजन का सबसे तेज ऑल आउट था। अजीत चौहान ने लगातार अपना दबदबा बनाए रखा और कीमती रेड पॉइंट्स जुटाते रहे।

फर्स्ट हाफ में यू मुंबा था 23-20 से आगे

हालांकि, डिफेंडिंग चैंपियंस हरियाणा स्टीलर्स ने वापसी की कोशिश की। दसवें मिनट तक स्कोर 8-14 हो गया। फिर शिवम ने अजीत को टैकल कर यू मुंबई के मुख्य रेडर को बाहर कर दिया। स्टीलर्स ने अपना ऑल आउट कराया, जिससे स्कोर 12-16 हो गया। हाफ टाइम के आखिरी मिनटों में विनय की शानदार रेड और अजीत पर बेहतरीन टैकल की वजह से स्कोर 19-20 हो गया। इसके बाद विनय ने एक और सफल रेड से स्कोर बराबर कर दिया, लेकिन यू मुंबई ने जवाबी हमला करते हुए ब्रेक तक 23-20 की मामूली बढ़त हासिल कर ली।

नवीन कुमार ने दिखाया दमदार खेल

सेकेंड हाफ में यू मुंबई ने फिर बढ़त बनाई, लेकिन नवीन कुमार ने 15वें मिनट में दो महत्वपूर्ण सफल रेड करके स्कोर को 23-26 कर दिया। अजीत ने अपना सुपर 10 पूरा किया और यू मुंबई को फिर आगे बढ़ाया। लेकिन हरियाणा ने हिम्मत नहीं हारी। नवीन ने जबरदस्त तरीके से टीम को बढ़त दिलाई और अंतिम तीन मिनटों में एक शानदार रेड के जरिए यू मुंबई को ऑल आउट कराकर हरियाणा को मैच में पहली बार बढ़त दिलाने में सफल रहे।

टाई ब्रेकर से हुआ हार जीत का फैसला

मैच का स्कोर जब स्कोर 34-34 से बराबर हुआ, तब रोमांच और ड्रामा अपने चरम पर था। शिवम ने स्टीलर्स को फिर बढ़त दिलाई, लेकिन अजीत ने फिर बराबरी करा दी। नवीन एक महत्वपूर्ण रेड में अंक जुटाने से चूक गए, ऐसे में यू मुंबा को बढ़त मिली। मैच के अंतिम क्षणों में अजीत की डू-ऑर-डाई रेड नाकाम रही, जिससे हरियाणा ने एक पॉइंट लेकर मैच टाई कर दिया। टाई-ब्रेकर में दोनों टीमों ने जोरदार प्रतिस्पर्धा की। नवीन कुमार की बेमिसाल ऊर्जा के साथ, हरियाणा ने एक जबरदस्त सुपर रेड लगाई जिसमें तीन खिलाड़ी आउट हुए। इस निर्णायक रेड ने मैच का रुख हरियाणा की तरफ मोड़ दिया और स्टीलर्स ने मजबूत पकड़ बनाए रखी और मैच में जीत दर्ज करने में सफल रही।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article