स्पोर्ट्स

World Snooker Cup 2026: पंकज आडवाणी और आदित्य मेहता की बदौलत भारत ए ने पाकिस्तान बी को हराकर जीता खिताब

पंकज आडवाणी और आदित्य मेहता के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ए ने रविवार को मस्कट में पाकिस्तान बी को हराकर विश्व कप स्नूकर का खिताब अपने नाम कर लिया है।

Image

स्नूकर (सांकेतिक तस्वीर)

नई दिल्ली: कई बार के विश्व चैंपियन पंकज आडवाणी और आदित्य मेहता के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ए ने रविवार को मस्कट में पाकिस्तान बी को 3-2 से हराकर विश्व कप स्नूकर का खिताब अपने नाम किया। पिछले साल की हार का बदला चुकता करते हुए सेमीफाइनल में पाकिस्तान ए को हराने वाली भारतीय टीम ने खिताबी मुकाबले में शानदार शुरुआत की और पांच फ्रेम के मुकाबले में शुरुआती दो फ्रेम जीतकर 2-0 की बढ़त बना ली।

आडवाणी ने की विजयी शुरुआत

आडवाणी ने मुबाशिर रजा के खिलाफ पहला फ्रेम जीता। इस दौरान उन्होंने 71 अंकों का शानदार ब्रेक बनाया। इसके बाद मेहता ने व्यक्तिगत चैंपियन राणा इरफान के खिलाफ 104 अंकों के दमदार ब्रेक के साथ भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। इस समय भारतीय टीम की एकतरफा जीत तय लग रही थी लेकिन कुछ गलतियों के कारण टीम ने अपनी बढ़त गंवा दी। नॉकआउट चरण में अपने सभी मुकाबले जीतने वाले मेहता के पास युगल मुकाबला समाप्त करने का अच्छा मौका था लेकिन टेबल पर बिखरी लाल गेंदों के बीच वह सेंटर पॉकेट में नीली गेंद डालने से चूक गए।

निर्णायक फ्रेम में मेहता ने किया शानदार प्रदर्शन

रजा ने इस गलती का फायदा उठाते हुए 99 अंक के शानदार ब्रेक के साथ पाकिस्तान को वापसी कराई। इसके बाद आडवाणी भी चूक गए। लाल गेंद पर उनका शॉट सही तरीके से नहीं लगा जिसका फायदा उठाकर दबाव में खेल रहे इरफान ने 64 अंक का ब्रेक बनाकर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। निर्णायक फ्रेम में हालांकि विश्व खेलों के पूर्व स्वर्ण पदक विजेता और आठ साल से अधिक समय से पेशेवर स्नूकर खेल रहे मेहता ने अहम मौके पर शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 46 अंक का ब्रेक बनाया और फिर रजा की चूक का फायदा उठाकर जीत दर्ज की।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article