कोलकाता: इंडोनेशिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त प्रिस्का मैडेलिन नुग्रोहो ने रविवार को बंगाल टेनिस संघ परिसर में खेले गए फाइनल में भारत की 14 वर्षीय जेंसी दीपकभाई कनाबर को 6-3, 6-1 से हराकर एचसीएल आईटीएफ डब्ल्यू15 कोलकाता 2026 का एकल खिताब जीत लिया। फाइनल में पहुंचकर सानिया मिर्जा का 24 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने वाली 14 वर्षीय जेंसी कनाबर इतिहास रचने से चूक गईं।
प्रिस्का ने किया सेमीफाइनल और फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन
सप्ताह की शुरुआत में विश्व रैंकिंग में 486वें स्थान पर काबिज प्रिस्का ने शीर्ष वरीयता के अनुरूप प्रदर्शन किया। उन्होंने सेमीफाइनल और फाइनल में एक भी सेट गंवाए बिना खिताब अपने नाम किया। प्रिस्का ने सेमीफाइनल में थाईलैंड की कामोनवान योडपेट को 6-1, 6-4 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Record: 14 साल की जेंसी कानाबर ने तोड़ा सानिया मिर्जा का 24 साल पुराना रिकॉर्ड, पिछले साल जीता था ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब
जेंसी का शानदार रहा फाइनल तक का सफर
गैरवरीयता प्राप्त जेंसी का फाइनल तक का सफर टूर्नामेंट के प्रमुख आकर्षणों में से एक रहा। इस युवा भारतीय खिलाड़ी ने सेमीफाइनल में नीदरलैंड की क्वालीफायर फ्लोरेंटाइन डेकर को 6-1, 6-0 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी। जेंसी ने फाइनल तक का सफर बगैर कोई सेट गंवाए पूरा किया था। 14 साल 11 महीने के उम्र में उन्होंने पेशेवर एकल फाइनल में पहुंचने वाली सबसे युवा भारतीय महिला टेनिस खिलाड़ी बनने की उपलब्धि हासिल की और सानिया मिर्जा का 24 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। सानिया 15 वर्ष और 10 महीने की उम्र में हैदराबाद आईटीएफ एकल फाइनल में पहुंची थीं।
फांग आन लिन और मोनवान योडपेट ने जीता युगल खिताब
युगल फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त चीनी ताइपे की फांग आन लिन और थाईलैंड की कामोनवान योडपेट की जोड़ी ने ओन्यू चोई और मारिया पंक्रातोवा की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी को सीधे सेट में 6-4, 6-2 से हराकर खिताब जीता। प्रतियोगिता में डब्ल्यूटीए रैंकिंग अंक और 15,000 अमेरिकी डॉलर की कुल इनामी राशि दांव पर थी।
(भाषा इनपुट के साथ)
