Paris Olympics 2024, India Skeet Mixed Team: भारतीय निशानेबाज महेश्वरी चौहान और अनंत जीत सिंह नरूका पेरिस ओलंपिक स्कीट मिश्रित टीम इवेंट के ब्रॉन्ज मेडल के मुकाबले में सोमवार को चीन की यितिंग जियांग और लियू जियानलिन की जोड़ी से एक अंक से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी को 48 निशाने के फाइनल मैच में 44-43 से शिकस्त मिली। महेश्वरी अपने 24 निशाने में से तीन में चूक गयी जबकि नरूका दो निशाने चूक गये।
चीन की यितिंग चार निशाने चूक गयी लेकिन उनके पुरुष खिलाड़ी जियानलिन ने अपने सभी निशाने सटिक लगाकर इसकी भरपाई कर दी। इससे पहले क्वालीफिकेशन में भारतीय जोड़ी ने 146 स्कोर कर कांस्य पदक मुकाबले के लिए क्वालीफाई किया था।
भारतीय जोड़ी क्वालीफिकेशन के पहले चरण के बाद 49 अंक लेकर संयुक्त दूसरे स्थान पर थी। पहले दौर में नरूका ने 25 में से 25 और महेश्वरी ने 24 अंक बनाये। दूसरे दौर में महेश्वरी ने 25 अंक बनाये लेकिन नरूका दूसरी और पांचवीं सीरिज में चूककर 23 अंक ही बना सके । तीसरे दौर में महेश्वरी ने 25 और नरूका ने 24 अंक बनाये।
मेडल की लक्ष्य से रहे दूर लक्ष्य
भारतीय स्टार लक्ष्य सेन ब्रॉन्ज मेडल से चूक गए। ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में पहला गेम जीतने के बावजूद लक्ष्य को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। मलेशिया के वर्ल्ड नंबर 7 खिलाड़ी ली जी जिया ने लक्ष्य को 13-21, 21-16 और 21-11 से हराया। इसके साथ ही बैडमिंटन में भी भारत की आखिरी उम्मीद खत्म हो गई। वहीं, लक्ष्य सेन को सेमीफाइनल में ओलंपिक चैंपियन डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसेन से हार का सामना करना पड़ा था।
(भाषा)
