French Open 2023 Final: दुनिया के पूर्व नंबर-1 सर्बिया के टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच की नजर 23वें ग्रैंड स्लैम टाइटल पर है। 22 बार के ग्रैंड स्लैम चैम्पियन नोवाक जोकोविच का रविवार को होने वाले खिलाड़ी मुकाबले में नॉर्वे के कैस्पर रूड से सामना होगा। टेनिस ग्रैंड स्लैम में लंबे समय तक रोजर फेडरर और राफेल नडाल के साथ नोवाक जोकोविच की बादशाहत रही है। जोकोविच के नाम 22 ग्रैंड स्लैम है और वह सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम खिताब के मामले में नडाल के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर है। रोलां गैरां के बादशाह माने जाने वाले नडाल चोट के कारण इस टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं है तो वहीं फेडरर खेल को अलविदा कह चुके है। टेनिस जगत के ओपन दौर में नडाल और जोकोविच से ज्यादा खिताब सिर्फ सेरेना विलियम्स के नाम है। उन्होंने 23 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते है। अमेच्योर दौर में यह रिकॉर्ड मार्ग्रेट कोर्ट के नाम है, जिन्होंने 24 खिताब अपने नाम किए है।
सेमीफाइनल में नंबर-1 को दी पटखनी
नंबर-1 पर लंबे समय तक कब्जा जमाने वाले नोवाक जोकोविच ने फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में बड़ा उलटफेर करते हुए खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाफ जोकोविच ने सेमीफाइनल में दुनिया के नंबर-1 स्पेन के कार्लोस अल्कारेज को चार सेटों में मात दी थी। पहले सेट में जोकोविच ने अल्कारेज को 6-3 से हराकर 1-0 की बढ़त बनाई। दूसरे सेट में अल्कारेज ने वापसी करते हुए जोकोविच को रोमांचक मुकाबले में 7-5 से मात देकर बढ़त को 1-1 से बराकर कर दिया। तीसरे सेट में जोकोविच ने एक बार फिर वापसी करते हुए अल्कारेज को 6-1 से हराया और फिर से 2-1 से बढ़त हासिल कर ली। चौथे सेट में जोकोविच ने बिना कुछ सोचे अल्कारेज पर शुरू से हावी रहे और 6-1 से शिकस्त देकर अल्कारेज को बाहर का रास्ता दिखाया।
कैस्पर रूड से कभी नहीं हारे जोकोविच
दुनिया के पूर्व नंबर-1 नोवाक जोकोविच का कैस्पर रूड के खिलाफ पलड़ा काफी मजबूत है। नोवाक जोकोविच और कैस्पर रूड चार बार आमने--सामने हो चुके हैं, लेकिन जोकोविच कभी नहीं हारे हैं। हर बार जोकोविच को जीत मिली है। वहीं, किसी भी टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में जोकोविच और कैस्पर रूड दूसरी बार आपस में भिड़ेंगे। फ्रेंच ओपन के खिताबी मुकाबले से पहले पिछले साल 2022 में एटीपी फाइनल्स के खिताबी मुकाबले में भिड़े थे। इस मुकाबले में कैस्पर रूड के खिलाफ जोकोविच को लगातार सेट में जीत हाासिल की थी।
(भाषा इनपुट के साथ)
